India News (इंडिया न्यूज),China:चीन से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक अदालत 100 टन जिंदा मगरमच्छों की नीलामी कर रही है। शेन्ज़ेन नानशान पीपुल्स कोर्ट ने इन पर बोली लगाने की शुरुआती कीमत 4 मिलियन युआन (US$550,000) तय की गई है। कोर्ट ने इन मगरमच्छों की ऑनलाइन नीलामी करने का फैसला किया है।यह नीलामी अलीबाबा न्यायिक नीलामी मंच पर हो रही है। तो चलिए जानते हैं आखिर कोर्ट ने ऐसा फैसला क्यों लिया है। और कौन कौन इस नीलामी में बोली लगा सकता है।
कौन लगा सकता है बोली ?
कोई भी इस वेबसाइट पर जाकर नीलामी में बोली लगा सकता है। चीन में हो रही यह अनोखी नीलामी दुनिया भर के लोगों का ध्यान खींच रही है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई सवाल भी पूछे जा रहे हैं।
इस वजह से कोर्ट ने लिया फैसला
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, नीलाम किए जा रहे मगरमच्छ गुआंगडोंग होंग्यी क्रोकोडाइल इंडस्ट्री कंपनी के हैं। इस कंपनी की शुरुआत 2005 में मो जुनरोंग ने की थी। जुनरोंग को कभी चीन में मगरमच्छों का भगवान कहा जाता था ऐसे में उनकी संपत्ति जब्त कर ली गई, जिसमें करीब 100 टन मगरमच्छ शामिल हैं। अब कोर्ट ने इन मगरमच्छों को बेचकर कंपनी का कर्ज चुकाने का फैसला किया है।
10 मार्च को शुरू हुई नीलामी
चीन में कोर्ट के आदेश के बाद मगरमच्छों की यह नीलामी 10 मार्च को शुरू हुई थी। यह नीलामी दो महीने यानी 9 मई तक चलेगी। इस नीलामी में खरीदारों को मगरमच्छों को पकड़ने, उनका वजन करने, उन्हें लोड करने और उनके परिवहन का खर्च खुद उठाना होगा। नीलामी नोटिस में यह भी लिखा है कि खरीदारों के पास मगरमच्छ पालने का लाइसेंस होना चाहिए। अगर खरीदार इन शर्तों को पूरा नहीं कर पाते हैं तो कोर्ट उनकी 3 लाख युआन की जमा राशि जब्त कर लेगा। नीलामी में हिस्सा लेने के लिए यह रकम जमा करानी होगी।
क्या है मगरमच्छ का इस्तेमाल?
मगरमच्छ को व्यावसायिक रूप से लाभदायक जानवर माना जाता है। इनसे चमड़ा, मांस, दवाइयां, सौंदर्य प्रसाधन और शराब जैसे 100 से ज्यादा उत्पाद बनाए जाते हैं। नीलामी में जिन सियामी मगरमच्छों को बेचा जा रहा है। चीन ने 2003 में इन्हें पालने और व्यावसायिक रूप से बेचने की अनुमति दी थी। एक सियामी मगरमच्छ का वजन 200 से 500 किलोग्राम होता है। इस हिसाब से 100 टन में 200 से 500 मगरमच्छ हो सकते हैं। इस ऑनलाइन नीलामी को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। सोशल यूजर्स ने इस पर कई तरह के कमेंट किए हैं।