India News (इंडिया न्यूज), Top Women Leaders: आज 8 मार्च है और आज पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है।आपको जानकारी के लिए बता दें कि, यह दिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसी महिलाओं के बारे में बताएंगे जिनके राजनीतिक जीवन को पूरी दुनिया ने माना। इस लिस्ट में सबसे पहला नाम भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का है। ज्ञात हो कि, इंदिरा गांधी को दुनिया की सबसे ताकतवर और लोकप्रिय महिला नेता माना जाता है। इंदिरा गांधी साल 1959 और 1960 में कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष रहीं। इसके बाद वे 1966 से 1977 तक देश की प्रधानमंत्री भी रहीं और फिर एक बार फिर 1980 से 1984 तक देश की कमान संभाली।
ब्रिटेन की पहली महिला प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर
ब्रिटेन की पहली महिला प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर को आयरन लेडी के नाम से भी जाना जाता है। वे 1979 से 1990 तक ब्रिटेन की प्रधानमंत्री रहीं, जो एक रिकॉर्ड था। थैचर ने फॉकलैंड युद्ध में अर्जेंटीना के खिलाफ जीत हासिल कर देश का मान बढ़ाया। उनके नेतृत्व ने ब्रिटेन को आर्थिक सुधारों के रास्ते पर आगे बढ़ाया और वैश्विक राजनीति में उसे मजबूत स्थान दिलाया।
इजरायल की पहली महिला प्रधानमंत्री
इन दिनों पूरी दुनिया में इजरायल की ताकत का लोहा माना जाता है। ऐसे में इजरायल की पहली महिला प्रधानमंत्री का जिक्र करना लाजिमी हो जाता है। आपको बता दें कि, इजरायल की पहली महिला प्रधानमंत्री गोल्डा मेयर थीं। वह 1969 से 1974 तक प्रधानमंत्री रहीं। 1956 में उन्होंने विदेश मंत्री का पद भी संभाला। 1973 में योम किप्पुर युद्ध के दौरान उनका नेतृत्व बेहद प्रभावशाली रहा, जिसमें इजरायल की जीत हुई और उन्हें आयरन लेडी की उपाधि दी गई। गोल्डा मेयर का कार्यकाल इजरायल की राजनीति और इतिहास में महत्वपूर्ण रहा।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना
बांग्लादेश की प्रमुख नेता और प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बांग्लादेश की राजनीति में अहम स्थान हासिल किया है। वह बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की बेटी हैं और 1996 से 2001 तक और फिर 2009 से 2024 तक प्रधानमंत्री रहीं। शेख हसीना ने बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया और कट्टरपंथियों के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाई। उनकी नीतियों ने बांग्लादेश को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक और राजनीतिक ताकत बनाया।
जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल
जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल का नाम दुनिया की सबसे प्रभावशाली महिला नेताओं में शुमार है। मर्केल ने 2005 से 2021 तक जर्मनी की चांसलर के रूप में कार्य किया और जर्मन अर्थव्यवस्था को संकट से उबारने और इसे यूरोप की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह जर्मनी की चांसलर बनने वाली पहली महिला थीं और उनके नेतृत्व ने वैश्विक राजनीतिक परिदृश्य पर गहरा प्रभाव छोड़ा।