Feb 3, 2025 13:41 IST
Mahakumbh Mela News: दोपहर 12 बजे तक 1.25 करोड़ लोगों ने किया अमृत स्नान
बसंत पंचमी पर महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर 12 बजे तक 1.25 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान। महाकुंभ में अब तक 36.22 करोड़ लोग स्नान कर चुके हैं।
Feb 3, 2025 12:48 IST
Amrit Snan Mahakumbh: कुत्ते-बिल्लियों की आवाज की नकल करता है ये शख्स
संगम की धरती पर चल रहे महाकुंभ मेले में देश के कोने-कोने से साधु-संत पहुंचे हैं। कई साधु-संत ऐसे हैं जो अपनी अनोखी शैली के कारण लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हमारी मुलाकात एक ऐसे ही अनोखे शख्स से हुई जो तरह-तरह के पशु-पक्षियों की आवाज की नकल करते हैं। उन्होंने खुद को पशु-पक्षियों के महामंडलेश्वर के तौर पर पेश किया है। दरअसल, ये सहारनपुर के रहने वाले अजय प्रताप सिंह हैं जिन्हें पशु-पक्षियों से बेहद प्यार है। वो कई पशु-पक्षियों की आवाज की नकल करते हैं। वो महाकुंभ मेले में पशु-पक्षियों की आवाज की नकल करके लोगों को उनके संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। अजय प्रताप सिंह राष्ट्रीय पक्षी मोर, कोयल, कौआ, गाय, कुत्ते और बिल्ली जैसे पशु-पक्षियों की आवाज की नकल बखूबी करते हैं।
Feb 3, 2025 12:44 IST
Mahakumbh Amrit Snan: विक्रमादित्य सिंह ने संगम में लगाई डुबकी
हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज महाकुंभ में डुबकी लगाई। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी महाकुंभ में डुबकी लगाई।
Feb 3, 2025 11:43 IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ पर बोले सतुआ बाबा
संगम की रेती पर आयोजित हो रहे महाकुंभ मेले में अखाड़े लगातार अमृत स्नान कर रहे हैं। निर्मोही अनि अखाड़े के जगतगुरु महंत संतोष दास सतुआ बाबा ने भी त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई है। उन्होंने योगी सरकार की तैयारियों को बेहतर बताया है। सतुआ बाबा ने कहा है कि जो लोग भी महाकुंभ की तैयारी पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें आज के स्नान पर्व को देखकर समझ जाना चाहिए कि सनातन की ताकत क्या है। सतुआ बाबा ने कहा कि संगम की धरती पर दिव्य और भव्य महाकुंभ का आयोजन योगी सरकार कर रही है।
Feb 3, 2025 11:18 IST
Mahakumbh Amrit Snan LIVE: सुबह 8 बजे तक 60 लाख लोगों ने किया स्नान
महाकुंभ में अमृत स्नान जारी है। सुबह 8 बजे तक 60 लाख से ज्यादा लोग संगम में डुबकी लगा चुके हैं। संगम तट पर अभी भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद हैं।
Feb 3, 2025 10:31 IST
Mahakumbh Amrit Snan: अब तक 9 अखाड़ों के साधु-संतों ने किया स्नान
महाकुंभ में बसंत पंचमी पर भव्य अमृत स्नान चल रहा है। अब तक 13 में से 9 अखाड़ों ने स्नान कर लिया है। विभिन्न अखाड़े तय समय से पहले ही स्नान कर रहे हैं।
Feb 3, 2025 10:20 IST
Mahakumbh Amrit Snan: निर्मोही अनी अखाड़े के संत ने दी बधाई
निर्मोही अखाड़े के स्वामी अवधेश कुमार दास ने कहा, 'हमारी प्राचीन सनातन परंपरा है और हम सभी वैष्णव इस दिन अमृत स्नान करते हैं। तीर्थराज प्रयाग में विश्व भर से अनेक वैष्णव आये हैं। निर्मोही अनी अखाड़े से हम सभी अपने गुरुओं और संतों के साथ यहां एकत्र हुए हैं। आज महाकुंभ का आखिरी अमृत स्नान है. मैं इस पवित्र त्योहार पर सभी को बधाई देता हूं।'
Feb 3, 2025 09:52 IST
Mahakumbh 2025 LIVE: सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्नान स्थल पर पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन से आस्था के इस महापर्व के लिए अपनी तैयारियां बढ़ाने का आह्वान भी किया। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर खास तौर पर ध्यान केंद्रित किया, ताकि हजारों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के संगम में स्नान का लाभ उठा सकें।
Feb 3, 2025 08:57 IST
Mahakumbh LIVE: अमृत स्नान की व्यवस्थाओं पर बोले डीआईजी वैभव कृष्ण
डीआईजी महाकुंभ वैभव कृष्ण ने कहा, "व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं और आज भीड़ नियंत्रण भी बहुत अच्छा है। सभी अखाड़ों का स्नान सफलतापूर्वक और समय से पहले पूरा हो रहा है। अब तक तीन अखाड़ों का स्नान हो चुका है - महानिर्वाणी अखाड़ा, निरंजनी अखाड़ा और जूना अखाड़ा ने सफलतापूर्वक स्नान कर लिया है और अन्य अखाड़े भी सफलतापूर्वक स्नान करेंगे।"
Feb 3, 2025 08:11 IST
Amrit Snan 2025:अखाड़ों के साधु-संत लगा रहे हैं डुबकी
अखाड़े अपने तय समय और कार्यक्रम के अनुसार त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान कर रहे हैं। सुबह 5 बजे से ही अखाड़ों का संगम पर जमावड़ा शुरू हो गया था। कार्यक्रम के अनुसार, कई अखाड़े संगम में स्नान कर अपने शिविरों में लौट चुके हैं और बाकी अखाड़े अपनी बारी के अनुसार स्नान के लिए संगम पहुंच रहे हैं।