इंडिया न्यूज़ (BJP Meeting): भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हमारे लिए साल 2023 बहुत महत्वपूर्ण है। हमें इस साल नौ राज्यों में चुनाव लड़ना और जीतना है। भाजपा प्रमुख ने हाल ही में संपन्न हुए चुनावों पर भी चर्चा की और कहा कि गुजरात की जीत ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चुनाव में हम सरकार बदलने की परंपरा को बदलने वाले थे लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके।
पीएम मोदी ने मजबूत बूथ का किया आह्वान
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कमजोर बूथों की पहचान करने और उन्हें मजबूत करने का आह्वान किया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि 72,000 बूथों की पहचान कर ली गई है और पार्टी के कार्यकर्ता 1.32 लाख बूथों पर पहुंच गए हैं। भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर पर हो रही है।
जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ने की उम्मीद
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म होने वाला है। ऐसे में जानकारी मिल रही है कि जेपी नड्डा का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। बता दें कि अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में भाजपा किसी नए अध्यक्ष को लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपने के बजाय जेपी नड्डा के कार्यकाल को ही विस्तार दे सकती है। इस साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा महासचिव (संगठन) बीएस संतोष, राजनाथ सिंह, निर्मला सीमारमण, एस जयशंकर समेत भाजपा के दिग्गज नेता मौजूद रहे। इसके अलावा 35 केंद्रीय मंत्री, 12 राज्यों के मुख्यमंत्री और सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अध्यक्ष ने भी बैठक में हिस्सा लिया।