इंडिया न्यूज, बुलंदशहर:
Love Bird Swallowed Poison: बुलंदशहर में प्रेमी जोड़े ने जहर निगलकर आत्महत्या करनी की कोशिश की है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटनाक्षेत्र स्याना कोतवाली क्षेत्र की नजर पुलिस चौकी के अंदर आता है। पुलिस मुलाजिमों ने दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इसके बाद गंभीर हालात को देखते हुए दोनों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया।

दरअसल, स्याना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी झोलाछाप ललित कुमार ने हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में अपना क्लीनिक खोल रखा है। इसी गांव की एक युवती से विवाहित झोलाछाप चिकित्सक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब एक महीने पहले दोनों फरार हो गए थे। बताया जाता है कि युवती के परिजनों ने थाना बहादुरगढ़ में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। लेकिन आरोपित चिकित्सक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

अब युवती के परिजनों को सूचना मिली थी कि दोनों प्रेमी युगल बाइक पर सवार होकर स्याना की ओर गए हैं। चिकित्सक और युवती के परिजन स्याना पहुंचे और दोनों को पकड लिया। सूचना पर पहुंची बुगरासी सराय चौकी पुलिस ने आरोपित झोलाछाप को हिरासत में लिया तो उसने बताया कि दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। प्रेमी युगल द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की सूचना पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। लेकिन हालत ज्यादा खराब होने पर दोनों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।