इंडिया न्यूज, Madhya Pradesh School Van Accident: मध्य प्रदेश के नागदा में सोमवार सुबह भीषण हादसा हो गया। फातिमा कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों से भरी एक गाड़ी बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई। वहीं आठ बच्चे घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक हादसा नागदा उनहेल रोड पर झिरनिया फंतके के पास हुआ है। हादसे में घायल तीन बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

नहीं मिली एंबुलेंस, बसों से ले जाया गया अस्पताल

एंबुलेंस नहीं मिलने पर घायलों को उज्जैन की ओर जा रही बसों से ले जाया गया। कुछ बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और कुछ गंभीर रूप से घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत हो गई। दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही एसपी सत्येंद्र शुक्ला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चों के इलाज की व्यवस्था देखी। इधर, बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।

सीएम ने जताया दुख

हादसे पर मंत्री प्रभुराम चौधरी ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि उज्जैन के पास नागदा में एक स्कूली बच्चों के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की बहुत दुखद खबर मिली है। इस भीषण हादसे में चार बच्चों की दर्दनाक मौत और कुछ बच्चों के घायल होने की जानकारी है। मैं पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।

ये भी पढ़ें : नए अध्यक्ष का चुनाव बना कांग्रेस के लिए चुनौती