इंडिया न्यूज, Madhya Pradesh News: मध्यप्रदेश सरकार ने अन्नदाताओं के हक में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश और आत्म-निर्भर किसान के मंत्र पर राज्य सरकार ने एक और किसान हितैषी निर्णय लिया है। ‘मेरी गिरदावरी मेरा अधिकार’ में अब किसान निश्चिंत होकर अपनी फसल की जानकारी MPKISAN App के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे। इस जानकारी का इस्तेमाल फसल हानि, न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना, भावांतर योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि ऋण में किया जाएगा।

एक अगस्त से 15 अगस्त तक दर्ज करा सकते हैं जानकारी

MPKISAN App पर किसान अपनी फसल की जानकारी एक अगस्त से 15 अगस्त 2022 तक दर्ज करा सकते हैं। अन्नदाताओं की इस जानकारी का सत्यापन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एवं पटवारी के द्वारा होगा। ‘मेरी गिरदावरी-मेरा अधिकार’ में किसानों को यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है कि वे अपने खेत से ही स्वयं फसल की जानकारी एमपी किसान एप पर दर्ज कर खुद को रजिस्टर सकते हैं।

किसानों को फॉलो करने होंगे ये स्टेप

  • MPKISAN App को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
  • एप पर लॉगिन कर फसल स्व-घोषणा, दावा आपत्ति ऑप्शन पर क्लिक कर अपने खेत को जोड़ सकते हैं।
    खाता जोड़ने के लिये प्लस ऑप्शन पर क्लिक कर जिला/तहसील/ग्राम/खसरा आदि का चयन कर एक या अधिक खातों को जोड़ा जा सकता है।
  • खाता जोड़ने के बाद खाते के समस्त खसरा की जानकारी एप में उपलब्ध होगी।
  • उपलब्ध खसरा की जानकारी में से किसी भी खसरे पर क्लिक करने पर ए आई के माध्यम से जानकारी उपलब्ध होगी।
  • किसान के सहमत होने पर एक क्लिक से फसल की जानकारी को दर्ज किया जा सकेगा।
  • संभावित फसल की जानकारी से असहमत होने पर खेत में बोयी गई फसल की जानकारी खेत में उपस्थित होकर लाइव फोटो के साथ दर्ज की जा सकती है।

मुख्यमंत्री चौहान ने किसानों से की अपील

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश के किसानों से अपील की है कि वे “मेरी गिरदावरी-मेरा अधिकार” में अपनी फसल को एमपीकिसान एप में अपलोड कर केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा मिलने वाली सुविधाओं का लाभ उठायें। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में किसान ई-गिरदावरी को अपनाने के लिये 15 अगस्त तक अपने आप को रजिस्टर कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें : इन नियमों में 1 अगस्त से होने जा रहा है बड़ा बदलाव, जानिए आप पर क्या होगा असर?