लुधियाना की संजना का सारेगामापा के लिए हुआ चयन
इंडिया न्यूज, लुधियाना:
प्रदेश की होनहार बेटी जल्द ही टीवी पर अपने आवाज का जादू दिखाती नजर आएगी। प्रदेश के शहर लुधियाना की रहने वाली संजना का चयन म्यूजिक शो सारेगामापा के लिए हुआ है। अब जल्द ही पूरी दुनिया संजना के हुनर से वाकिफ होगी। एसएसडी संगीत कला केंद्र जीटीबी नगर (ग्यासपुरा) की पूर्व छात्रा संजना जी टीवी पर प्रसारित होने वाले इस शो में प्रस्तुति देगी जोकि अक्टूबर से शुरू हो रहा है।
बचपन से है संगीत से लगाव
संजना को संगीत में लगाव बचपन से ही है। संजना एक स्कूल में इंग्लिश और म्यूजिक की टीचर थी। वहां पर एक अन्य अध्यापक जसबीर सिंह जस्सी ने उनमें प्रतिभा पहचानी और उनकी मदद से संजना ने अपने संगीत हुनर और निखारा। इस दौरान संजना ने कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपना लोहा मनवाया। संजना का इंडियन आइडल में भी चयन हुआ था लेकिन किसी कारणवश वह उसमें भाग नहीं ले सकी।