Twist in cruise drugs case
इंडिया न्यूज, मुम्बई:

क्रूज ड्रग्स केस में भले ही आर्यन खान जमानत पर जेल से बाहर आ गया हो लेकिन इस मामले में अभी भी नित्य नए खुलासे हो रहे हैं। जहां एक तरफ महाराष्ट्री के मंत्री और एनसीपी नवाब मलिक ने इस केस को फर्जी बताया था और एनसीबी के अधिकारी समीर वानखेड़े को ही सवालों के कटखड़े में खड़ा कर दिया, वहीं अब इसी केस में एक और गवाह ने हैरान करने वाला बयान दिया है। इस केस में गवाह बने विजय पगारे ने 4 नवम्बर को मुंबई पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम को बताया कि क्रूज पर 2 अक्टूबर को जो रेड की गई, वह प्री-प्लान्ड थी और बालीवुड स्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को जानबूझकर फंसाया गया, जिससे बड़ी संख्या में पैसा बनाया जा सके।

जानकारी के मुताबिक विजय पगारे ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से सुनील पाटिल नाम के एक व्यक्ति का पीछा कर रहा था। क्योंकि उसने पाटिल को 2018 में एक काम करने के बदले रुपए दिए थे लेकिन पाटिल ने वह काम नहीं किया और न ही पैसा वापिस दे रहा था। पगारे ने बताया कि इसी दौरान वह अहमदाबाद, सूरत और मुंबई के ललित होटल और फॉर्च्यून होटलों में सुनील पाटिल के साथ था।

बता दें कि महाराष्ट्र के भाजपा नेता मोहित कंबोज ने कहा था कि सुनील पाटिल ही इस केस का मास्टरमाइंड है और वह एनसीपी नेताओं का करीबी है। वहीं विजय पगारे ने बताया उगाही के पैसों के लिए वह सुनील पाटिल के साथ था। रेड से कुछ दिन पहले सुनील पाटिल 27 सितंबर को नवी मुंबई में फॉर्च्यून होटल में ठहरा था। यही पर केपी गोसावी का रूम भी बुक था। होटल में भाजपा कार्यकर्ता मनीष भानुशाली ने केपी गोसावी और सुनील पाटिल से मुलाकात की। होटल के कमरे में मनीष भानुशाली ने सुनील पाटिल को कहा- काम हो गया है। हमें अब अहमदाबाद के लिए निकलना है लेकिन पगारे को अपने साथ लेकर मत चलना।

पगारे ने बताया कि इस समय उसे पता नहीं था कि किस बारे में बात हो रही है। इतना ही नहीं, सुनील पाटिल ने उसे यानि विजय पगारे को हिदायत दी थी कि वह उसके मामलों में दखल न दे। पगारे ने बताया कि पाटिल की सारी मीटिंग होटलों में होती थी और उससे मिलने आने वालों में सैम डिसूजा भी शामिल था। क्रूज रेड से पहले पाटिल ने पगारे को कहा था कि उसे एक काम करना है और वह जल्द ही पैसे लौटा देगा। पगारे ने कहा कि मुझे बाद में समझ आया कि पैसा इस रेड से आएगा।

Also Read : दिल्ली सरकार ने बढ़ाई फ्री राशन योजना

Connect With Us : Twitter Facebook