India News (इंडिया न्यूज), MP IAS transfer: मध्य प्रदेश में एक बार फिर प्रशासनिक सर्जरी हुई है। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार रात 42 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों का तबादला आदेश जारी किया है। इस फैसले के बाद से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है, क्योंकि इसमें 12 जिलों के कलेक्टरों के साथ-साथ कई मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) के भी तबादले किए गए हैं।
दो IAS अधिकारियों की नई नियुक्तियां
तबादला आदेश के मुताबिक, मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के दो IAS अधिकारियों को हटाकर उनकी नई नियुक्तियां की गई हैं। भारत यादव, जो पहले CMO में सचिव और नगरी प्रशासन विभाग के कमिश्नर थे, अब एमपीआरडीसी (मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) के प्रबंध संचालक बने हैं। उनकी जगह सिबी चक्रवर्ती को CMO सचिव और नगरी प्रशासन विभाग का कमिश्नर बनाया गया है। इसके अलावा, एमपीआरडीसी के प्रबंध संचालक अविनाश लवानिया को जबलपुर स्थित बिजली कंपनी में तैनाती दी गई है।
12 जिलों के कलेक्टर बदले गए
बदले गए 12 जिलों के कलेक्टरों में प्रमुख नामों में नेहा मारव्या को डिंडोरी का कलेक्टर बनाया गया है। विवेक क्षेत्रीय को टीकमगढ़, सतीश कुमार एस को सतना, किशोर कुमार कन्याल को गुना, अरुण कुमार विश्वकर्मा को रायसेन, ऋषभ गुप्ता को खंडवा, भव्या मित्तल को खरगोन, हर्ष सिंह को बुरहानपुर, ऋतुराज को देवास, अर्पित वर्मा को शिवपुरी, बालागुरु के को सीहोर और गुंचा सनोवर को बड़वानी का कलेक्टर बनाया गया है।
कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी हुए बदलाव
इसके साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव किए गए हैं। जैसे कि खरगोन के कलेक्टर कर्मवीर शर्मा को आयुक्त सह संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति का पद दिया गया, सीहोर के कलेक्टर प्रवीण सिंह को संचालक लोक स्वास्थ्य का पद मिला, और सतना के कलेक्टर अनुराग वर्मा को एमडी राज्य भंडार निगम का पद सौंपा गया है। इसी तरह से बड़वानी के कलेक्टर डॉ. फंडिंग हरिदास को मध्य प्रदेश गृह निर्माण का आयुक्त, टीकमगढ़ के कलेक्टर अवधेश शर्मा को ओएसडी सह आयुक्त तकनीकी शिक्षा, रायसेन के कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे को अपर सचिव मुख्यमंत्री और खंडवा के कलेक्टर अनूप कुमार सिंह को पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का एमडी नियुक्त किया गया है।
2011 बैच की IAS अधिकारी को डिंडोरी कलेक्टर का पद सौंपा
इस सर्जरी में एक दिलचस्प बदलाव यह भी है कि 2011 बैच की IAS अधिकारी नेहा मारव्या को डिंडोरी कलेक्टर का पद सौंपा गया है। नेहा ने सोशल मीडिया पर पहले ही अपनी निराशा जाहिर की थी कि 14 साल की नौकरी में उन्हें कलेक्टर नहीं बनाया गया था। उन्होंने IAS एसोसिएशन के ग्रुप में लिखा था कि पिछले नौ महीने से उनके पास कोई काम नहीं था और वह सिर्फ ऑफिस और घर के बीच आ-जा रही थीं। अब उन्हें कलेक्टर का पद मिलने पर उनकी खुशी स्पष्ट है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक बदलाव को प्रभावी और सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे प्रशासन के विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊर्जा का संचार होगा और विकास कार्यों में गति मिलेगी।