India News (इंडिया न्यूज), CM Mohan Yadav: मध्य प्रदेश में गांवों के नाम बदलने का सिलसिला लगातार जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले के 54 गांवों के नाम बदलने का बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा देवास के पीपलरांवा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर यह फैसला लिया गया है।
प्रस्ताव किया स्वीकार
कार्यक्रम के दौरान बीजेपी जिला अध्यक्ष रायसिंह सैंधव ने गांवों के नाम बदलने की लिस्ट मुख्यमंत्री को सौंपी। जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया और कलेक्टर को नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने शाजापुर और उज्जैन जिलों में कई गांवों के नाम बदले थे।
देवास जिले में बदले जाएंगे 54 गांवों के नाम
मुरादपुर को अब मुरलीपुर कहा जाएगा।
अलीपुर का नाम रामपुर होगा।
मिर्जापुर अब मीरापुर के नाम से जाना जाएगा।
इस्लामनगर को ईश्वर नगर और फतेहगढ़ को विजयगढ़ नाम दिया गया है।
अकबरपुर का नाम बदलकर अंबिकापुर रखा गया है।
जनता की मांग पर हुआ फैसला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह बदलाव जनता की मांग पर किया गया है। उन्होंने बताया कि नाम बदलने का उद्देश्य गांवों को उनकी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान दिलाना है। नए नाम न केवल गांवों की परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं को प्रोत्साहित करेंगे बल्कि ग्रामीणों के बीच गर्व की भावना भी बढ़ाएंगे।
पहले भी बदले जा चुके हैं गांवों के नाम
यह पहली बार नहीं है जब गांवों के नाम बदले गए हैं। इससे पहले शाजापुर जिले में 11 गांवो और उज्जैन में 3 गांवों के नाम बदले जा चुके हैं। उज्जैन जिले में मौलाना, गजनीखेड़ी और जहांगीरपुर के नाम बदलकर मोहनपुरा, शिवखेड़ी और रामपुरा कर दिए गए थे। मुख्यमंत्री के इस कदम से ग्रामीणों में उत्साह है, और वे इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं।
महाशिवरात्रि पर बाबा महाकाल के नौ दिवसीय स्वरूप, 17 फरवरी से शुरू होकर 26 फरवरी तक हर दिन अनोखी छटा