India News (इंडिया न्यूज), Kisaan Aandolan: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को किसानों का बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। भारतीय किसान संघ के बैनर तले हजारों किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरेंगे। इस प्रदर्शन में बिजली के बढ़े हुए बिल, फसल के उचित दाम, नामांतरण, बंटवारा और नक्शा सुधार जैसे कई मुद्दे प्रमुख हैं।

किसान रैली की तैयारियां

लिंक रोड नंबर-1 स्थित भारतीय किसान संघ कार्यालय के सामने सुबह 11 बजे धरना शुरू होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे किसान रैली के रूप में वल्लभ भवन का घेराव करेंगे। प्रदर्शन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। किसान संघ ने प्रशासन को सख्त चेतावनी दी है कि किसानों को रोकने की कोशिश न की जाए, वरना वे वहीं धरना शुरू कर देंगे।

गर्मी ने दी दस्तक! MP में ठंड का अहसास हुआ कम, जाने क्या है बदलते मौसम का हाल

क्यों हो रहा है प्रदर्शन?

भारतीय किसान संघ के मध्य भारत प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान ने बताया कि प्रदेश के किसान राजस्व विभाग की लापरवाही और अफसरशाही से परेशान हैं। फौती नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नक्शा सुधार जैसे कामों में लगातार धांधली हो रही है। किसान इन समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

किसानों की मुख्य मांगें-

फौती नामांतरण, सीमांकन, नक्शा सुधार और ऑनलाइन रिकॉर्ड की समस्याएं हल हों।
कृषि विद्युत कनेक्शन में हॉर्स पावर वृद्धि वापस ली जाए।
जले ट्रांसफॉर्मर और बिजली की लाइनें समय सीमा में बदली जाएं।
डीएपी और यूरिया खाद का समय पर वितरण हो।
सभी मंडियों में फ्लेट कांटों से तुलाई अनिवार्य की जाए।
नकली दूध बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे न खरीदा जाए।
धान 3100 रुपये और गेहूं 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाए।

बिजली के बढ़े बिलों से नाराज किसान

किसान बढ़े हुए बिजली बिलों से बेहद परेशान हैं। उनका कहना है कि बिजली विभाग ने कृषि विद्युत कनेक्शन में हॉर्स पावर भार बढ़ाकर बिल जारी कर दिया है। इस बिना जांच के हुई वृद्धि से किसान आंदोलन के मूड में हैं।

गांव-गांव में हुई बैठकों से जुटे किसान

अन्नदाता अधिकार रैली के लिए किसान संघ के पदाधिकारियों ने गांव-गांव बैठकें कर किसानों को प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया। किसान अब सरकार के दरवाजे पर अपनी आवाज पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

सुकमा में पुलिस को बड़ी कामयाबी, इनामी नक्सलियों की हुई गिरफ्तारी, आपत्तिजनक विस्फोटक बरामद