India News (इंडिया न्यूज), Mahakaleshwar Temple: मध्य प्रदेश में उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार सुबह भगवान महाकाल का भव्य श्रृंगार किया गया। माघ शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि पर बाबा महाकाल को भांग से श्रृंगारित कर चंद्र, बेलपत्र और मुंडमाला धारण करवाई गई। इसके बाद भस्म आरती की गई, जिसे देखने के लिए हजारों भक्त मंदिर में उपस्थित थे।

बाबा का पंचामृत अभिषेक

सुबह 4 बजे भगवान महाकाल जागे और भगवान वीरभद्र एवं मानभद्र की आज्ञा के बाद मंदिर के पट खोले गए। सबसे पहले भगवान को गर्म जल से स्नान करवाया गया। इसके बाद दूध, दही, शहद, शक्कर और घी से पंचामृत अभिषेक किया गया। अभिषेक के पश्चात बाबा महाकाल को भांग, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री से सुसज्जित किया गया। उनके गले में मुंडमाला धारण कर भव्य स्वरूप में श्रृंगार किया गया।

UCC पुरे देश की जरूर, नॉनवेज बैन की भी वकालत…TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का बड़ा बयान, राजनीती में गर्म हुई बहस

भक्ति में लीन हुए सभी

महानिर्वाणी अखाड़े के साधुओं ने बाबा को भस्म रमाई। इसके बाद कपूर आरती की गई। जैसे ही आरती शुरू हुई, भक्तों ने “जय श्री महाकाल” के जयकारों से मंदिर परिसर को गुंजायमान कर दिया। भस्म आरती के इस दिव्य दृश्य को जिसने भी देखा, वह बाबा महाकाल की भक्ति में लीन हो गया।

कोटितीर्थ कुण्ड पर मनाई गई नर्मदा जयंती

मंदिर परिसर स्थित कोटितीर्थ कुण्ड पर भी नर्मदा जयंती उत्सव उल्लासपूर्वक मनाया गया। मां नर्मदा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 ब्राह्मणों ने लघुरुद्राभिषेक किया। इसके बाद सायं 7 बजे पुजारी और पुरोहित परिवार ने कुण्ड के चारों ओर 1100 दीपक जलाकर मां नर्मदा की भव्य झांकी सजाई। झांकी के पश्चात मां नर्मदा की आरती की गई, जिसमें विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, रजत मेहता, पं. घनश्याम शर्मा, दिनेश पुजारी, अभिषेक शर्मा (बाला गुरु) और सुभाष शरण सहित अन्य पुजारी एवं पुरोहित परिवार ने भाग लिया। इस आयोजन ने भक्तों को दिव्य आनंद की अनुभूति कराई।

IPS अरुण देव गौतम बने छत्तीसगढ़ के नए DGP, कौन हैं अरुण देव गौतम? जानिए कैसा रहा उनका प्रशासनिक सफर….