India News (इंडिया न्यूज),Manmohan Singh Death: पूर्व प्रधानमंत्री और देश के प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। 92 वर्षीय डॉ. सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें गुरुवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई।
एक सच्चा देशभक्त, अर्थशास्त्री और सादगी का प्रतीक -जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने एक सच्चा देशभक्त, महान अर्थशास्त्री और सादगी का प्रतीक खो दिया। उन्होंने कहा कि 1991 के आर्थिक संकट के समय डॉ. मनमोहन सिंह का नेतृत्व भारत के लिए एक वरदान साबित हुआ। उनके आर्थिक सुधारों ने करोड़ों भारतीयों के जीवन को बेहतर बनाया। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लिखा कि प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. सिंह ने सूचना क्रांति, मनरेगा, किसानों की कर्जमाफी और शिक्षा के अधिकार जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए, जिनका लाभ आज भी देश उठा रहा है। उन्होंने उनकी ईमानदारी और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए इसे एक युगांतकारी क्षति बताया।
Rajasthan Weather Update: मौसम ने बदला मिजाज! अगले दो दिन जमकर बरसेंगे बादल, नए साल पर बढ़ेगा पारा
उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा
डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत के एक छोटे से गांव में हुआ था। वे 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। जैसे ही उनके स्वास्थ्य बिगड़ने की खबर मिली, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एम्स पहुंचीं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेता बेलगावी से दिल्ली रवाना हुए। डॉ. सिंह के योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। उनकी सादगी, ईमानदारी और दूरदर्शिता ने उन्हें भारतीय राजनीति और अर्थशास्त्र का एक अद्वितीय चेहरा बना दिया।