India News (इंडिया न्यूज),MP By Election News: मध्य प्रदेश में उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तैयारियां जोरों पर हैं। भोपाल में आयोजित प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में सोमवार को संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की गई। इस बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए नाम लगभग तय हो चुके हैं, जो पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे जाएंगे।
कार्तिकेय सिंह चौहान के नाम पर जोर
बुधनी सीट पर खास चर्चा शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान के चुनाव लड़ने की हो रही है। सूत्रों के अनुसार, बुधनी विधानसभा के मंडल अध्यक्षों ने उन्हें चुनावी मैदान में उतारने की मांग की है। हालांकि, शिवराज सिंह चौहान ने इस पर स्पष्ट किया है कि पार्टी नेतृत्व ही प्रत्याशी के नाम पर अंतिम निर्णय लेगा। इसके साथ ही विजयपुर सीट के लिए पूर्व कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत का नाम लगभग तय माना जा रहा है, जिन्हें हाल ही में बीजेपी ने राज्य का वन और पर्यावरण मंत्री बनाया है।
विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की जरूरत क्यों?
सीहोर जिले की बुधनी और श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीटें हाल ही में खाली हुई हैं। शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय कृषि मंत्री बनने के बाद बुधनी सीट से इस्तीफा दे दिया था, जबकि रामनिवास रावत ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन करने के बाद विजयपुर सीट से इस्तीफा दे दिया। रावत को बीजेपी में शामिल होते ही मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे विजयपुर सीट खाली हुई। BJP की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में बुधनी सीट के लिए पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव, रघुनाथ सिंह भाटी और रवि मालवीय के नामों पर भी विचार किया गया है।