India News (इंडिया न्यूज), MP News: मध्य प्रदेश में भोपाल और जबलपुर के यात्रियों के लिए खुशखबरी है! 1 मार्च 2025 से इंडिगो एयरलाइंस ने दोनों शहरों के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू कर दी है। इस फ्लाइट के शुरू होने से अब यात्रियों को लंबी सड़क या ट्रेन यात्रा से राहत मिलेगी और वे मात्र 1 घंटे में भोपाल से जबलपुर या जबलपुर से भोपाल पहुंच सकेंगे।
सप्ताह में तीन दिन
भोपाल से जबलपुर के लिए यह फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार* को संचालित होगी। फ्लाइट का समय इस प्रकार रहेगा-
भोपाल से उड़ान- शाम 5:50 बजे प्रस्थान, शाम 6:55 बजे जबलपुर पहुंचना।
जबलपुर से उड़ान- शाम 7:15 बजे प्रस्थान, रात 8:15 बजे भोपाल पहुंचना।
इस नई सुविधा से व्यापारियों, सरकारी अधिकारियों, छात्रों और आम यात्रियों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
किराया और बुकिंग
इस फ्लाइट का शुरुआती किराया मात्र ₹2499 प्रति यात्री रखा गया है। इस सेवा की बुकिंग पिछले 15 दिनों से चल रही थी, और यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। भोपाल और जबलपुर के बीच हवाई सेवा शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इससे पहले भी एक फ्लाइट संचालित थी, लेकिन वह सेवा बंद कर दी गई थी। अब इस नई फ्लाइट के शुरू होने से जबलपुर से भोपाल आने-जाने वालों को राहत मिलेगी। इस सेवा के शुरू होने के बाद भोपाल जबलपुर से हवाई मार्ग से जुड़ने वाला आठवां शहर बन गया है। इससे जबलपुर का हवाई नेटवर्क मजबूत होगा और शहर की कनेक्टिविटी में सुधार आएगा।
समय और सुविधा दोनों का लाभ
अब तक भोपाल से जबलपुर पहुंचने में ट्रेन से 7-8 घंटे और सड़क मार्ग से 5-6 घंटे लगते थे। लेकिन अब यह सफर सिर्फ 1 घंटे में पूरा हो सकेगा। खासकर व्यावसायिक यात्रियों और सरकारी अधिकारियों के लिए यह सेवा बेहद फायदेमंद साबित होगी।
लंबी दूरी की चिंता हुई खत्म
भोपाल-जबलपुर फ्लाइट सेवा की शुरुआत से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को तेजी, सुविधा और आरामदायक सफर मिलेगा। अब देखना होगा कि यात्रियों की प्रतिक्रिया कैसी रहती है और भविष्य में इस सेवा का विस्तार होता है या नहीं। यात्रियों को अब लंबी दूरी की चिंता छोड़कर सिर्फ 1 घंटे में अपनी मंजिल तक पहुंचने की सुविधा मिल गई है।
बाबा महाकाल का फाल्गुन के शुभ अवसर पर मुखारविंद दर्शन, भक्तों को मिला दर्शन का विशेष अवसर