India News (इंडिया न्यूज), MP News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सरकारी कर्मचारियों ने अपनी 51 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। मोर्चा के जिला अध्यक्ष सतीश गोंडाने ने बताया कि लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जा रहा है। तीसरे चरण के इस आंदोलन में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।

ये है प्रमुख मांगे

प्रदर्शन के दौरान सरकारी कर्मचारियों ने प्रमुख मांगों को दोहराते हुए बताया कि पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए, पुरानी पेंशन योजना को फिर से बहाल किया जाए, लिपिक संवर्ग को मंत्रालय के समान ग्रेड पे दिया जाए और उनके वेतनमान में सुधार हो। इसके अलावा शिक्षकों को नियुक्ति की तारीख से वरिष्ठता प्रदान करने की मांग की गई।

550 साल पुराना है दुनिया का सबसे बड़ा पेड़, चौड़ाई इतनी कि 4 फुटबॉल मैदान जाएंगे समा

समस्याओं को करे हल

सभी संवर्गीय कर्मचारियों के वेतनमान में सुधार और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदनाम और वेतनमान में भी बदलाव की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कोटवार, अंशकालीन कर्मचारी, अस्थाई कर्मचारी, हैंडपंप टेक्नीशियन, संविदा कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग और वन विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की मांग की।

आंदोलन होगा और तेज

कर्मचारियों ने कोटवार और अंशकालीन चतुर्थ श्रेणी वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने, लंबित महंगाई भत्ते के शीघ्र भुगतान और मकान भाड़ा भत्ता जैसी सुविधाओं को लागू करने के लिए शासनादेश जारी करने की भी मांग की। कर्मचारी संघ ने कहा कि यदि इन मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों का कहना है कि वे अपने अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।

छत्तीसगढ़ में ईवीएम मशीनों की कमिशनिंग जारी, कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा