India News (इंडिया न्यूज), MP News: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ज्योति सिंह को भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, शहडोल कमिश्नर सुरभि गुप्ता के निर्देश पर कलेक्टर उमरिया ने मामले की जांच कराई, जिसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पाई गई। जांच के बाद ज्योति सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन उन्होंने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
पहले भी रही हैं विवादों में
ऐसे में, ज्योति सिंह इससे पहले उमरिया नगर पालिका परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी रह चुकी हैं। इस दौरान भी उनके कार्यकाल में कई अनियमितताएँ और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आई थीं। इन आरोपों के चलते वे विभिन्न समाचार पत्रों और चैनलों की सुर्खियों में रही हैं। बता दें, सीएमओ ज्योति सिंह पर निर्माण कार्यों और सामग्री खरीद में व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी करने के आरोप लगे हैं। जांच रिपोर्ट में पुष्टि होने के बाद कलेक्टर उमरिया ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। सात दिनों के भीतर जवाब देने के निर्देश के बावजूद उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
निलंबन की कार्रवाई जारी
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण संहिता के नियमों के तहत ज्योति सिंह के कार्यों को दंडनीय मानते हुए, मध्य प्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के नियम 9(1) क के तहत कमिश्नर शहडोल ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के मामलों में प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है।
घर में आया नन्ना मेहमान, पर बच्चे को देखते ही चीख पड़ी माँ, बाप ने पीट लिया माथा