India News (इंडिया न्यूज), MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी हल्की बूंदाबांदी तो कभी तेज धूप देखने को मिल रही है। बुधवार को एक बार फिर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी भोपाल समेत ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में कोई बड़ा मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिसके चलते तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। हालांकि, एक ट्रफ लाइन गंगीय पश्चिम बंगाल से लेकर तेलंगाना तक बनी हुई है, जो आने वाले दिनों में हल्के बदलाव ला सकती है। इसके अलावा, 24 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इससे तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है।
प्रदेश में तापमान की स्थिति
बुधवार को ग्वालियर संभाग के जिलों में तापमान 2.3 डिग्री तक बढ़ गया, जबकि इंदौर, उज्जैन, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों में भी तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान भी भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और जबलपुर में सामान्य से ज्यादा रहा।
स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव
गर्मी बढ़ने के कारण भोपाल के कई प्राइवेट स्कूलों ने अपनी टाइमिंग में बदलाव किया है। अब स्कूल सुबह 9 बजे के बजाय 7:30 बजे से लगेंगे। इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन में भी इसी तरह का बदलाव किया जा सकता है। प्रदेश में सबसे ठंडा पचमढ़ी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, ग्वालियर और कल्याणपुर में 12.1 डिग्री, नौगांव में 12.5 डिग्री, गिरवर में 12.7 डिग्री और आंवरी अशोकनगर में 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की स्थिति
भोपाल में AQI 139, इंदौर में 124, जबलपुर में 122 और ग्वालियर में 269 दर्ज किया गया। ग्वालियर की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। वहीं, उज्जैन में AQI 96 रहा, जो अन्य शहरों की तुलना में बेहतर है। आने वाले दिनों में तापमान में और बदलाव हो सकता है, इसलिए मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखना जरूरी है।