India News (इंडिया न्यूज), MP Weather News Today: होली के बाद भी मध्य प्रदेश में मौसम का बदलाव जारी है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली, जबकि अन्य जगहों पर मौसम शुष्क बना रहा। छतरपुर जिले के कुछ इलाकों में रविवार को हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि भोपाल, इंदौर, रीवा, शहडोल, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग में दिन का अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
बारिश के पीछे सक्रिय नया सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, छतरपुर में हुई हल्की बारिश का कारण एक नया सिस्टम है, जो सक्रिय हुआ है। इसके अलावा, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी का भी असर मध्य प्रदेश के मौसम पर पड़ा है। इससे राज्य के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में सागर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।
Petrol Diesel Price Today: पेट्रोल-डीजल की नई कीमतें हुई जारी, जानिए आपके शहर में क्या है आज का रेट?
भिंड-मुरैना में बूंदाबांदी के आसार
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भिंड और मुरैना जिले में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। रविवार को मध्य प्रदेश में सबसे अधिक तापमान नर्मदापुरम जिले में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा, खजुराहो और देवरा (सिंगरौली) में तापमान 39.6 डिग्री, कल्याणपुर (शहडोल) में 39.5 डिग्री और मंडला में 39.3 डिग्री दर्ज किया गया।
रात में नरसिंहपुर सबसे ठंडा
अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो नरसिंहपुर जिले की रात सबसे ठंडी रही, जहां तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, नीमच के मरूखेड़ा में 17.3 डिग्री, सीधी में 17.4 डिग्री, मंडला में 17.9 डिग्री और नौगांव (छतरपुर) में 18.2 डिग्री दर्ज हुआ।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि, गर्मी भी धीरे-धीरे बढ़ेगी और आने वाले हफ्तों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।