India News (इंडिया न्यूज), MP Weather News Today: मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। रंग पंचमी के साथ ही प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जबलपुर और सागर संभाग सहित कई जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है। प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अगले 24 से 48 घंटों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पिछले दो दिनों में कई शहरों के तापमान में 1 से 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई है।

21 मार्च तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के पास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, और एक ट्रफ लाइन छत्तीसगढ़ की ओर बनी हुई है। 19 मार्च से नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के कई हिस्सों को प्रभावित करेगा, जिससे 21 मार्च तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

प्रदेश में कहां सबसे ज्यादा गर्मी?

मंगलवार को नर्मदापुरम और खरगोन जिले सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 37.2°C और 37.1°C दर्ज किया गया। वहीं, बड़वानी, रतलाम और टीकमगढ़ में भी तापमान 36°C के आसपास रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि होली के समय भोपाल में गर्मी बढ़ने का रुझान रहा है, और इस बार भी ऐसा ही देखा गया।

सबसे ठंडा रहा ग्वालियर

अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो मंगलवार को ग्वालियर का पारा सबसे कम 15.6°C दर्ज किया गया। इसके अलावा, जबलपुर में 17°C, उज्जैन में 17.3°C, भोपाल में 17.5°C और इंदौर में 20.4°C तापमान दर्ज किया गया। वहीं, शाजापुर जिले के गिरवर में रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.9°C रहा।

मार्च के ऐतिहासिक मौसम रिकॉर्ड

मार्च में सबसे अधिक तापमान 41°C साल 2021 में 30 मार्च को दर्ज किया गया था। वहीं, 9 मार्च 1979 को सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.1°C रहा था। वर्ष 2006 में मार्च के महीने में सर्वाधिक 108.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर बना रहेगा, जिससे तापमान में और गिरावट हो सकती है।

Today Horoscope: मेष से लेकर मीन तक कैसी रहेगी 12 राशियों के लिए 19 मार्च की ग्रह चाल, जानें आज का राशिफल!