India News (इंडिया न्यूज),MP Weather Today: मध्य प्रदेश के 46 जिलों से मानसून लौट चुका है, लेकिन कुछ जिलों में अभी भी बारिश हो रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले तीन से चार दिनों तक भोपाल, सागर और उज्जैन सहित कुछ अन्य जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं, क्योंकि बदलते मौसम का मिजाज अनिश्चित बना हुआ है। शुक्रवार को 12 जिलों से मानसून वापस हो गया, लेकिन इसके बावजूद कुछ जगहों पर बारिश की गतिविधियां जारी हैं।
कई जिलों में मानसून के बाद भी हो रही है बारिश
अरब सागर में गहराते कम दबाव के क्षेत्र और राजस्थान पर बने प्रति चक्रवात के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। इंदौर, हरदा, खरगोन, खंडवा, बड़वानी, धार, मंडला, सिवनी और पचमढ़ी जैसे जिलों में शुक्रवार को झमाझम बारिश दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की विदाई के बावजूद इन जिलों में मौसम में नमी बनी हुई है, जिसके चलते बारिश हो रही है।
Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में 20 अक्टूबर के बाद बढ़ेगी ठंड, जानें मौसम का ताज़ा हाल
बारिश के पीछे सक्रिय हैं ये मौसमी सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र और उससे सटे अरब सागर पर बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र और केरल तक फैली द्रोणिका के कारण दक्षिणी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश की संभावना बनी हुई है। साथ ही, पाकिस्तान से लगे जम्मू के ऊपर चक्रवात और राजस्थान पर बने प्रति चक्रवात के चलते विपरीत हवाओं का आगमन हो रहा है, जिससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है।