India News (इंडिया न्यूज), MP Weather Update: मध्य प्रदेश में एक बार फिर से हाड़ कंपाने वाली ठंड ने दस्तक दे दी है। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई शहरों में तापमान तेजी से गिरा है। कुछ दिनों पहले लोगों को ठंड से राहत मिलती नजर आ रही थी, लेकिन अचानक लौटे सर्द मौसम ने एक बार फिर से लोगों को गर्म कपड़ों और रजाई-कंबल का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है।

ज्यादा ठंड हुई महसूस

गुरुवार-शुक्रवार की रात प्रदेश के कई शहरों का न्यूनतम तापमान गिरकर नीचे आ गया। भोपाल में शुक्रवार सुबह से ही ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे ठंडक और ज्यादा महसूस हुई। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण यह बदलाव हुआ है। पिछले दिनों ग्वालियर-चंबल और उज्जैन संभाग में बारिश और बूंदाबांदी का असर प्रदेश भर में दिख रहा है।

ऑफिस से छुट्टी नहीं मिली तो बौखलाया फिर रहा ये आदमी, 4 लोगों को घोंप दिया चाकू, Video देखकर मुंह को आ जाएगा कलेजा

न्यूनतम और अधिकतम तापमान

राजगढ़ में गुरुवार-शुक्रवार की रात सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खजुराहो में 7.2 डिग्री, नौगांव में 7.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 8.1 डिग्री और गुना में 8.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां से आने वाली सर्द हवाएं मध्य प्रदेश के तापमान को और गिरा रही हैं। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले 24 घंटे में रात का तापमान और नीचे जा सकता है। रविवार से पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

फरवरी में कैसा रहेगा मौसम

फरवरी का मौसम आमतौर पर जनवरी के जैसा ही रहता है। रिकॉर्ड के अनुसार, 11 फरवरी 1950 को भोपाल का न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 22 फरवरी 2006 को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया था। इस बार भी फरवरी में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर सहित प्रमुख शहरों में अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर जारी रहने की संभावना है। इसलिए लोग ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम रखें।

अब नहीं भरेंगे बिजली बिल तो सरकार लगाएगी फटकार, ऐसे वसूलेगी घर-घर जाकर पैसे