India News (इंडिया न्यूज), MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन में तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन रात में ठंड का असर फिर से महसूस किया जा रहा है। खासकर शाम ढलने के बाद से लेकर सुबह तक ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को हल्की सर्दी का अनुभव हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक रात के तापमान में गिरावट जारी रह सकती है, जबकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।
दिन में हल्की गर्मी
राजधानी भोपाल में गुरुवार को रात का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 1.8 डिग्री अधिक था। वहीं, इंदौर में न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य शहरों में जबलपुर में 12.7 डिग्री, ग्वालियर में 15.7 डिग्री और उज्जैन में 14.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
गुजरात स्टैलियंस ने चेन्नई हीट को हराकर InBL Pro U25 फाइनल में बनाई जगह
पचमढ़ी में सबसे कम तापमान
प्रदेश के कुछ शहरों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिला। पचमढ़ी में सबसे कम 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि शहडोल के कल्याणपुर में 10.3 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 11.2 डिग्री और उमरिया में 11.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसमी में बदलाव का कारण
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश तक पहुंच रही हैं। यही वजह है कि रात के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। आमतौर पर फरवरी के अंत तक ठंड कम हो जाती है, लेकिन इस साल यह दूसरी बार है जब इस अवधि में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, रात में हल्की ठंड जारी रह सकती है। दिन के समय धूप खिलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। विशेषज्ञों का मानना है कि मार्च की शुरुआत में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और ठंड पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।