India News (इंडिया न्यूज), MP Weather Update: मध्य प्रदेश में ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। बर्फीली हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य के कई जिलों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पचमढ़ी, मंडला, जबलपुर, ग्वालियर, और उज्जैन जैसे शहरों का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस या उससे भी कम हो गया है। मंडला में सोमवार सुबह 10 डिग्री, उमरिया में 11 डिग्री और भोपाल में 13 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
2-3 दिनों में बढ़ेगी और ठंड
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 2-3 दिनों में ठंड और बढ़ेगी। मंगलवार से सुबह और शाम के समय कोहरा छाने और ठंड में वृद्धि होने की संभावना है। इस ठंड के कारण भोपाल समेत कई जिलों में निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, और जल्द ही सरकारी स्कूलों का समय भी बदला जा सकता है। इस समय राज्य में दिन का औसत तापमान 29-30 डिग्री सेल्सियस है। 20 नवंबर के बाद कड़ाके की ठंड का असर पूरे प्रदेश में महसूस किया जाएगा।
बढ़ते प्रदूषण से लोगो के स्वास्थ्य में परेशानियां
भोपाल में बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के पार पहुंच चुका है, जो कि बेहद खराब श्रेणी में आता है। प्रदूषण का मुख्य कारण कूड़ा-कचरा और पराली जलाना बताया जा रहा है। बढ़ते प्रदूषण से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, जैसे सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन, बढ़ रही हैं।
उठाए जाए ठोस कदम
सरकार और प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि ठंड और प्रदूषण दोनों से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। जनता को भी जागरूक होकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए।