India News (इंडिया न्यूज), MP Weather Update: मध्य प्रदेश का मौसम इन दिनों लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है। दिन में तापमान बढ़ रहा है, लेकिन रात के समय ठंडक बरकरार है। बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश में फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
शहरों का तापमान
राजधानी भोपाल में रविवार को मौसम साफ रहा और दिन का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रात का तापमान गिरकर 11.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इंदौर में दिन का तापमान 31.2 डिग्री और रात का तापमान 16 डिग्री दर्ज हुआ। जबलपुर और ग्वालियर में भी न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।
पचमढ़ी में सबसे ज्यादा ठंड
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में ठंड का असर बना हुआ है, लेकिन सबसे ज्यादा ठंड पचमढ़ी में देखने को मिली, जहां रात का तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, कल्याणपुर में 9 डिग्री, गिरवर में 9.3 डिग्री, उमरिया में 10.3 डिग्री और खजुराहो में 10.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम में बदलाव का कारण
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दक्षिण पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। फरवरी के अंतिम सप्ताह तक इसी तरह के मौसम परिवर्तन की संभावना जताई गई है।
AQI की स्थिति
भोपाल का AQI 145, इंदौर का 127, जबलपुर का 83, ग्वालियर का 182 और उज्जैन का 108 दर्ज किया गया। इससे स्पष्ट है कि ग्वालियर की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही, जबकि जबलपुर में हवा की गुणवत्ता सबसे अच्छी रही। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, लेकिन रात के समय ठंडक बनी रहेगी। आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।