India News (इंडिया न्यूज), MP Weather Update: मध्यप्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। सोमवार को कई शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान मंडला में 33.5 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रहेगी, लेकिन 13 फरवरी से एक बार फिर ठंड का दौर लौट सकता है।
तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी
मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव ने बताया कि 8 फरवरी को उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) पहुंचा था, जिसके कारण उत्तर से ठंडी हवाएं चल रही थीं। अब इन हवाओं का असर खत्म हो गया है। राजस्थान के पास बने प्रेरित चक्रवात (इंड्यूस्ड साइकलोन) की वजह से दक्षिण से गर्म हवाएं आ रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
शादी में डांंस करने पर पत्नी का गला दबाया, हत्या के बाद पति फरार
बड़े शहरों में तापमान
सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री, इंदौर में 30.4 डिग्री, उज्जैन में 30.8 डिग्री और जबलपुर में 30.6 डिग्री दर्ज किया गया। गुना में एक ही दिन में तापमान 5.4 डिग्री बढ़कर 32.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, सिवनी और रतलाम में 33 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
11 और 12 फरवरी को दिन में तेज धूप रहेगी। तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा। हालांकि, 13 फरवरी से एक बार फिर सर्दी बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी के महीने में आमतौर पर दिन में गर्मी और रात में ठंड रहती है। पिछले साल ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री तक गिरा था। वहीं, जबलपुर में दिन के समय हल्की गर्मी और रात में ठंड महसूस होती है। इस बार भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।