India News (इंडिया न्यूज), MP Weather Update: मध्य प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। हालांकि अभी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम स्थिर बना हुआ है। रविवार को प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया। लेकिन कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
2-3 दिनों तक कोई बदलाव नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो-तीन दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। लेकिन इसके बाद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ सकता है। न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का अनुमान है। इससे प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज ठंड महसूस की जा सकती है।
न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री हुआ दर्ज
प्रदेश के प्रमुख शहरों की बात करें तो रविवार को पचमढ़ी का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस, मंडला में 10.8 डिग्री, बालाघाट में 12 डिग्री, जबलपुर में 14.5 डिग्री, भोपाल में 13.4 डिग्री और इंदौर में 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान भोपाल में 30.5 डिग्री, ग्वालियर में 32 डिग्री, और इंदौर में 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
सुबह में छाई रहेगी धुंध
राजधानी भोपाल में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद ठंड और बढ़ने की संभावना है। प्रदेशवासियों को सलाह दी गई है कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और सुबह-शाम बाहर निकलने पर सावधानी बरतें।
महाराष्ट्र में फिर आएगी महायुति सरकार! BJP ने झोंकी पूरी ताकत, जानिए क्यों कही जा रही ऐसी बात?