India News (इंडिया न्यूज), MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी भोपाल सहित कई शहरों में दिन के तापमान में वृद्धि हुई है। दिन में तेज धूप महसूस हो रही है, लेकिन रात में ठंडी हवाओं का असर दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में और बदलाव हो सकते हैं।
उत्तरी हवाओं का असर बढ़ा
बीते 48 घंटे में प्रदेश में उत्तरी हवाओं का असर बढ़ा है, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भोपाल में रात का तापमान कम हुआ है, जिससे सुबह के समय ठंड का अहसास हो रहा है। वहीं, दिन के समय तेज धूप से गर्मी महसूस होती है।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 29 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते रीवा, शहडोल, सागर, नर्मदापुरम और ग्वालियर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के बाद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
सबसे ठंडी राते
पिछले 24 घंटे में शहडोल जिले के कल्याणपुर की रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उमरिया, देवरा (सिंगरौली), राजगढ़ और मंडला जैसे क्षेत्रों में भी तापमान काफी कम रहा। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में भी ठंड और धूप का अद्भुत मेल देखने को मिल रहा है। भोपाल का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री और अधिकतम 25.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि ग्वालियर में रात का तापमान 6.3 डिग्री तक लुढ़का।
नए पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय
मौसम विभाग ने सुझाव दिया है कि अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के उपाय किए जाएं। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद तापमान में और गिरावट हो सकती है। ऐसे में ठंडी हवाओं और बदलते मौसम का ध्यान रखना जरूरी है।