India News (इंडिया न्यूज़),Rajnath Singh News: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को महू का दौरा किया, जहां उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अस्थि कलश के दर्शन किए। इसके बाद वे महू के प्रतिष्ठित सैन्य संस्थानों में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सेना के अधिकारियों और जवानों को उनकी निष्ठा और समर्पण के लिए धन्यवाद दिया।

सेना को युद्ध कौशल और रणनीति में पारंगत- राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा कि महू स्थित आर्मी वार कॉलेज, इंफेंट्री स्कूल और मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग जैसे संस्थान भारतीय सेना को युद्ध कौशल और रणनीति में पारंगत बनाने का काम कर रहे हैं। ये संस्थान अपनी स्थापना से ही सेना के प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

निष्काम कर्म से सेना को मिली पहचान

रक्षामंत्री ने सेना के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सैनिकों का निष्काम कर्म ही है, जिसने भारतीय सेना को विश्व स्तर पर एक अलग पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि सैनिक अपने कर्तव्य को सर्वोपरि मानकर राष्ट्र सेवा में लगे रहते हैं, जो सभी नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

महाकुंभ अपडेट: गंगा में डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं को लेकर किए सुरक्षा के ये तगड़े इंतजाम

2047 तक भारत को विकसित बनाने में सेना की अहम भूमिका

राजनाथ सिंह ने 2047 तक भारत को एक विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर जोर देते हुए कहा कि इस सपने को साकार करने में सेना की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सैनिक न केवल सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में रक्षामंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय सेना के जवान अपनी मेहनत और प्रतिबद्धता से देश को सुरक्षित और सशक्त बनाते रहेंगे।

मुझे 1 लाख रुपए चाहिए…कलेक्टर की आईडी से BJP मंत्री को आया मैसेज, फिर पता चला हैरान कर देने वाला सच