India News (इंडिया न्यूज),  Rewa To Prayagraj Route: प्रयागराज में महाकुंभ 2025 के शाही स्नान के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। लाखों तीर्थयात्री आस्था की डुबकी लगाने के लिए प्रयागराज पहुंच रहे हैं। इस दौरान भारी भीड़ के कारण प्रयागराज शहर और आसपास के मार्गों पर भीषण जाम लग गया है। मध्यप्रदेश के रीवा से प्रयागराज जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। करीब 15 किमी लंबा जाम लगने से यात्री घंटों फंसे हुए हैं।

रीवा-प्रयागराज मार्ग पर भयंकर जाम

मध्यप्रदेश के रीवा जिले में चाकघाट से लेकर सोहागी घाटी और गढ़ तक वाहनों का दबाव इतना बढ़ गया कि सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। रीवा के चाकघाट बॉर्डर से आगे का रास्ता बंद कर दिया गया है। भीड़ बढ़ने पर प्रशासन ने चाकघाट, श्रीयुत कॉलेज गंगेव और बेला में वाहनों को रोक दिया। प्रयागराज के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर धीरे-धीरे वाहनों को आगे भेजा जा रहा है।

क्या रह गई कमियां? हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अंधेरे में, सात साल बाद भी शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया अधूरी

प्रशासन की मुस्तैदी से यात्री परेशान

रीवा कलेक्टर और एसपी ने खुद मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशासन को तीर्थयात्रियों के लिए भोजन, पानी, और ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चाकघाट के रैनबसेरे में भोजन और पानी का वितरण किया गया। यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद हैं। फिर भी भीड़ इतनी ज्यादा है कि यात्री परेशान हैं।

सीएम यादव की अपील

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा, “चाकघाट से लेकर जबलपुर, कटनी और सिवनी जिलों तक यातायात प्रभावित हुआ है। वाहनों में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे फंसे हुए हैं। सभी जिला प्रशासन और नगरीय निकायों को निर्देश दिया गया है कि प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पानी, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं तुरंत मुहैया कराई जाएं।”

प्रयागराज में भी भीषण जाम

प्रयागराज में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। शहर के हर मार्ग पर जाम लगा हुआ है। दिन हो या रात, हजारों वाहन सड़क पर फंसे हैं। श्रद्धालु घंटों तक जाम में फंसे रहने को मजबूर हैं। प्रशासन जाम को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा

इस बीच, सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी प्रयागराज पहुंचने वाली हैं। राष्ट्रपति संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगी। उनके दौरे को देखते हुए मेला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें ताकि यातायात सुगम हो सके और हर श्रद्धालु सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सके।

रात में ठंड दिन में खिली धूप से मौसम साफ, छत्तीसगढ़ में बदलता मौसम का मिजाज, जाने सारे अपडेट…