India News (इंडिया न्यूज़), Ujjain Mahakal: ओलंपिक पदक विजेता भारतीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर ने शुक्रवार को अपने माता-पिता के साथ उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान से बाबा महाकाल की पूजा की और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष नीरज सिंह और पुलिस अधीक्षक (SP) प्रदीप शर्मा ने विवेक सागर का सम्मान किया।
मंदिर में विजयी आशीर्वाद
विवेक सागर ने कहा कि पेरिस ओलंपिक में भाग लेने से पहले भी उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर में पूजा की थी। अब जब वे जीतकर लौटे हैं, तो उन्होंने पुनः बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने का निर्णय लिया। विवेक ने कहा, “मुझे यहाँ आकर बहुत खुशी होती है और बाबा महाकाल की पूजा करने के बाद मुझे ऊर्जा मिलती है। ऐसा लगता है कि भगवान हमेशा मेरे साथ हैं और उनकी कृपा से मैं जो भी करूंगा, उसका परिणाम अच्छा होगा।”
युवाओं के लिए संदेश
ओलंपियन विवेक सागर ने युवाओं को मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान मेहनत का अच्छा फल देते हैं, इसलिए युवाओं को प्रयास करते रहना चाहिए और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहना चाहिए।
सम्मान और शुभकामनाएं
उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने विवेक सागर को सम्मानित करते हुए कहा, “विवेक सागर ने मध्य प्रदेश और पूरे देश को गौरवान्वित किया है। हम उन्हें उनके पदक जीतने पर शुभकामनाएं देते हैं।”
विवेक सागर प्रसाद नर्मदापुरम जिले के इटारसी के निवासी हैं और भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम के मिडफील्डर के रूप में खेलते हैं। उन्होंने पहले टोक्यो ओलंपिक और हाल ही में पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीते थे।
Also Read:
- Ramniwas Rawat: BJP के पूर्व विधायक ने वनमंत्री से कहा, ‘भेदभाव नहीं होना चाहिए’,जानिए क्या है मामला