India News (इंडिया न्यूज)MP Crime News: अमिलिया थाना क्षेत्र की एक महिला न्याय की गुहार लगाते हुए 15 दिनों तक दर-दर भटकती रही। महिला ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर आठ साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने इनकार कर दिया। 2024 में पीड़िता के पिता ने उसकी शादी कर दी थी, लेकिन आरोपी ने महिला के निजी वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण जारी रखा। महिला का कहना है कि आरोपी कभी उसे इंदौर बुलाता तो कभी बैढ़न, और वहां भी उसका शोषण करता रहा। परेशान होकर उसने अमिलिया थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन महिला अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। उसे महिला थाने जाने की सलाह दी गई, लेकिन वहां भी उसकी फरियाद अनसुनी रह गई।

शर्मनाक! शादी का झांसा देकर 8 साल तक किया शोषण, जानें क्या है पूरा मामला

SP कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

आखिरकार महिला ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जहां उसे मामले की जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया। महिला का कहना है कि पुलिस ने उसकी शिकायत की पावती भी नहीं दी थी, जिससे उसे और ज्यादा निराशा हुई।

केस दर्ज होने का दावा

अमिलिया थाना प्रभारी राजेश पांडे ने कहा कि महिला जब शिकायत देने आई थी, तब महिला अधिकारी मौजूद नहीं थीं। उन्होंने दावा किया कि महिला ने दुष्कर्म की बात नहीं कही थी, बल्कि आरोपी से शादी कराने की मांग की थी। इसलिए उसे महिला थाने भेजा गया था। हालांकि, अब जमोड़ी थाने में महिला की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। यह मामला पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता को लेकर सवाल खड़े करता है। महिला को 15 दिनों तक भटकाने के बाद FIR दर्ज होना न्याय प्रणाली की गंभीर खामियों को उजागर करता है।