India News (इंडिया न्यूज),Rajasthan: जालौर में 1 ग्राम पंचायत में रोड चौड़ा करने के लिए कई लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस थमाया गया है। नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार , ग्राम पंचायत की ओर से 100 से ज्यादा लोगों को नोटिस दिया गया है। नोटिस मिलने के बाद कई रसूखदारों ने तो कोर्ट से आदेश ले लिया है तो गरीब परिवार को बेघर होने का डर सता रहा है।
गांव के लोगों में हड़कंप मच गया
जानकारी के अनुसार , बागोड़ा उपखण्ड के धुंबड़िया ग्राम पंचायत में गौरव पथ चौड़ा करने के नाम पर करीब 127 लोगों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं, जिसमें मुख्य मार्ग पर बनीं पक्की दुकानें, मकान, चबूतरे आदि निर्माण को अतिक्रमण मान कर चिन्हित किया गया है। ग्राम पंचायत के इस आदेश के बाद गांव के लोगों में हड़कंप मच गया है।
9 फीट तक अतिक्रमण हटाया जायेगा
आपको बता दें कि इस स्थिति में गांव में ग्रामीणों का भारी भी विरोध हो रहा है। यहां कोई नया निर्माण नहीं हो रहा है। जबकि पंचायत के अनुसार वर्तमान 18 फीट का मार्ग निकल रहा है। ग्राम पंचायत इसे चौड़ा कर 45 फीट कर रही है। इस दौरान रोड के दोनों तरफ से करीब 9 फीट तक अतिक्रमण हटाया जायेगा। विरोध के चलते शनिवार को जिला कलेक्टर प्रदीप गवांडे ने धुंबड़िया में अतिक्रमण की कार्रवाई को लेकर जायजा लिया।