India News (इंडिया न्यूज) Rajasthan News: मकर संक्रांति का पर्व नजदीक है, और आसमान में पतंगों की बहार दिखाई दे रही है। लेकिन इस पर्व की उमंग के बीच उदयपुरवाटी कस्बे में खतरनाक चाइनीज मांझा लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है। प्रतिबंधित प्लास्टिक की डोर खुलेआम बिक रही है और प्रशासन की चुप्पी लोगों में नाराजगी पैदा कर रही है।
खुलेआम हो रही है बिक्री
कस्बे में कई स्थानों पर प्लास्टिक की डोर की बिक्री जोरों पर है। दुकानदार खुलेआम इसे बेच रहे हैं, और लोग इसे खरीदने में कोई झिझक नहीं दिखा रहे। ये डोर न केवल पर्यावरण के लिए खतरनाक है, बल्कि इंसानों और जानवरों की जान पर भी भारी पड़ रही है।
राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर और ऑटो की भिड़त में 5 की मौत 8 घायल
बाइक सवार हो रहे हैं शिकार
चाइनीज मांझे की वजह से कस्बे में कई बाइक सवार घायल हो चुके हैं। तेज धार वाली यह डोर गले और हाथों को काटने का कारण बन रही है। ऐसी घटनाओं ने स्थानीय निवासियों में डर और आक्रोश दोनों को बढ़ा दिया है।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर पालिका और प्रशासन इस खतरनाक मांझे की बिक्री पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। हालांकि, चाइनीज मांझे की बिक्री पर पहले ही प्रतिबंध है, लेकिन इसकी खुलेआम बिक्री प्रशासन की निष्क्रियता को दर्शाती है।
कार्रवाई की मांग तेज
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाई जाए। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो यह पर्व खुशियों के बजाय दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। मकर संक्रांति का त्योहार जरूर आनंददायक है, लेकिन चाइनीज मांझे की अनदेखी इसे कड़वा बना सकती है। प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद करते हुए लोग सतर्कता बरतने की अपील कर रहे हैं।