India News (इंडिया न्यूज),Rajasthan News: किसानों की जमीन का डेटा अपडेट होने के साथ ही किसानों को अब 11 अंकों की यूनिक आईडी मिलेगी। आपको बता दें कि इसके लिए 5 फरवरी से किसान रजिस्ट्री शिविरों का आयोजन किया जाएगा। केन्द्र सरकार की एग्रीस्टैक योजना के तहत प्रदेश में प्रत्येक किसान को 11 अंको का यूनिक फार्मर आई.डी. मिलेगा, जिसे आधार नम्बर से लिंक किया जायेगा। इस फार्मर आई.डी. से सरकार की समस्त योजनाएं जिसमें पीएम किसान सम्मान, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा, सब्सिडी इत्यादि का लाभ मिलेगा। इस यूनिक ID के बाद पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी पर निर्भरता समाप्त हो जायेगी।
अपडेट हो जायेगा
आपको बता दें कि चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने कहा कि जिले में 5 फरवरी से 30 मार्च तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर 03 दिवसीय शिविर आयोजित किये जायेंगे। फार्मर आई.डी. से किसान के कृषि भू-खण्ड हिस्सा जोड़ा जायेगा, जिसके लिए किसान अपना आधार कार्ड, आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नम्बर, जमाबन्दी की प्रतिलिपियां शिविर में लेकर आएं। इस आई.डी. से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कृषि उत्पाद के विपणन मे आसानी होगी। किसानों को फसली लोन, फसल बीमा क्षतिपूर्ति एवं आपदा राहत राशि प्राप्त करने में सुगमता होगी। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे ही किसानों को मिल सकेगा। किसान रजिस्ट्री मे राजस्व रिकॉर्ड स्वतः अपडेट हो जायेगा। किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आई.डी. अनिवार्य होगी।