India News (इंडिया न्यूज), Rajasthan Weather Update: राजस्थान में इस साल फरवरी के मध्य में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। जयपुर सहित कई जिलों में दिन में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को अप्रैल जैसी गर्मी महसूस हो रही है। पिछले कुछ दिनों से राजस्थान के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया जा रहा है।
जयपुर में बढ़ी गर्मी
राजधानी जयपुर में भी मौसम तेजी से बदल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। शनिवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम की ठंडक भी अब कम होती जा रही है।
सीमावर्ती जिलों में अप्रैल जैसी गर्मी
राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में तापमान और भी अधिक बढ़ गया है। बाड़मेर में तापमान लगातार 30 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी तरह चित्तौड़गढ़ में 35.4 डिग्री, डूंगरपुर में 33.8 डिग्री, डबोक में 33.2 डिग्री और कोटा में 32.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग के अनुसार, 17 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से जयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की उम्मीद है। यह प्रभाव 20 फरवरी तक बना रह सकता है, जिससे कुछ इलाकों में तापमान में गिरावट आ सकती है।
मार्च में बढ़ेगी गर्मी
फरवरी में ही तापमान बढ़ने से मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार सर्दी जल्द खत्म हो सकती है और मार्च में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। यदि बारिश नहीं हुई, तो राजस्थान में गर्मी के तीखे तेवर जल्दी ही देखने को मिल सकते हैं।
बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव! आज साफ रहेगा मौसम, ठंड में होगा गर्मी का एहसास