India News (इंडिया न्यूज),Rajasthan Ka Mausam: राजस्थान में मौसम तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में धूप खिलने लगी है, जिससे सर्दी के असर में कमी देखी जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि फरवरी के अंत तक सर्दी पूरी तरह विदा हो जाएगी। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हाल ही में हुई बारिश के कारण ठंड ने एक बार फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। कई जिलों में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में कहां सबसे ज्यादा ठंड और कहां गर्मी?
शनिवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहा। बीते 24 घंटे के तापमान की बात करें तो सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। वहीं, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राजस्थान का सबसे गर्म स्थान रहा। अन्य जिलों में करौली का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री, दौसा का 4.6 डिग्री, माउंट आबू का 5.2 डिग्री, चूरू का 5.6 डिग्री और लूणकरणसर का 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सीकर में 6 डिग्री, डबोक में 6.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 6.7 डिग्री, अंता में 6.9 डिग्री, नागौर में 7.1 डिग्री, वनस्थली में 7.3 डिग्री और राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज किसका दिन रहेगा धमाकेदार और किसे मिलेगी खुशखबरी? मूलांक 1 से 9 वालों के लिए खास भविष्यवाणी!
अगले हफ्ते कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। अधिकतर इलाकों में तापमान सामान्य स्थिति में रहेगा। शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। हालांकि, अगले 48 घंटों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। राहत की बात यह है कि प्रदेश में अब शीतलहर की कोई संभावना नहीं है। इससे आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर साफ नजर आने लगेगा।