India News (इंडिया न्यूज),Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर जिले में हैरान कर देने वाली घटना सामने निकलकर आई है, जहां शादी का माहौल विवादों में तब्दील हो गया। बता दें कि शादी की सारी रस्में पूरी हो गई थीं। लेकिन विदाई का वक्त आया तो दुल्हन ने ससुराल जाने से मना कर दिया। धौलपुर जिले की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी गिरीश कुमार की बेटी दीपिका की शादी करौली जिले के कल्याणी गांव के निवासी प्रदीप के साथ तय हुई थी। धूमधाम से बारात आई और पूरी रात शादी की रस्में चलीं। लेकिन जब अगली सुबह विदाई का वक्त आया तो दीपिका ने दूल्हे के सेहत को लेकर शक जताया।
ठंड के चलते उसके हाथ कांप रहे थे
आपको बता दें कि दुल्हन ने कहा कि दूल्हा जब उसकी मांग भर रहा था तो उसके हाथ कांप रहे थे, जिसके चलते उसको शक हुआ की दूल्हा किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। इसके चलते उसने विदाई से मना कर दिया और शादी तोड़ने का निर्णय कर लिया। हालांकि जब दुल्हन ने शादी से मना किया तो दूल्हे ने सफाई देते हुए कहा कि ठंड के चलते उसके हाथ कांप रहे थे। उसने यह भी बताया कि शादी से पहले कई बार लड़की वालों ने उसे देखा था और तब कोई शिकायत नहीं की गई थी।
घटना की चर्चा इलाके में खूब हो रही है
हालांकि दुल्हन दूल्हे के किसी भी बात को मानने पर तैयार नहीं थी और अपने फैसले पर अड़ी रही। दुल्हन के फैसले के चलते बारात में हंगामा मच गया और दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की भी कोशिश की। लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। अंत में बारात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा। दूल्हा प्रदीप एक सरकारी स्कूल में संविदा शिक्षक है, जबकि दुल्हन दीपिका बीए और बीएड कर चुकी है और हाल ही में रीट परीक्षा दी थी। दोनों शिक्षित होने के बावजूद यह रिश्ता अधूरा रह गया घटना की चर्चा इलाके में खूब हो रही है।