India News (इंडिया न्यूज), MS Dhoni Angry Moments: एमएस धोनी को उनके शांत स्वभाव के लिए जाना जाता है, उनके ‘कैप्टन कूल’ स्वभाव ने भारत को कई ऐतिहासिक जीत दिलाई हैं। उनके करियर में एक ऐसा वाकया भी हुआ था जब धोनी एक होटल की व्यवस्था से खुश नहीं थे, जिसके चलते उन्होंने दूसरे होटल में रुकने का फैसला किया था। दरअसल यह खुलासा चेन्नई सुपर किंग्स में धोनी के साथी रहे ड्वेन स्मिथ ने किया है और उनके इंटरव्यू का यह वीडियो वायरल हो रहा है।
ड्वेन स्मिथ ने ऐसी 2 घटनाओं का जिक्र किया जब एमएस धोनी ने अपना आपा खो दिया था। पहली घटना के बारे में बात करते हुए स्मिथ ने कहा, “अश्विन ने एक कैच छोड़ दिया था। यह एक आसान कैच था, लेकिन इसके बाद धोनी ने अश्विन को स्लिप से हटाकर दूसरी पोजीशन पर खड़ा कर दिया। वह पहली बार था जब मैंने उन्हें गुस्सा होते देखा।”
होटल स्टाफ पर गुस्सा
ड्वेन स्मिथ ने होटल में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए कहा, “एक बार होटल स्टाफ ने धोनी को डिलीवर किया जाने वाला खाना आने से रोक दिया था। इस पर धोनी नाराज हो गए, इसलिए वे दूसरे होटल में चले गए। मुझे अभी होटल का नाम याद नहीं है, अगर याद भी होता तो मैं उसका नाम नहीं लेता। खाना बंद होने के बाद धोनी तुरंत दूसरे होटल में चले गए।”
आईपीएल 2025 में सीएसके की कप्तानी कर रहे हैं धोनी
चेन्नई सुपर किंग्स के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोट के कारण आईपीएल 2025 से बाहर हो गए हैं। ऐसे में सीएसके की कप्तानी का भार एक बार फिर एमएस धोनी के कंधों पर आ गया है। आईपीएल 2023 के फाइनल के लंबे समय बाद धोनी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ भिड़ंत में पहली बार सीएसके की कप्तानी की। धोनी ने 11 गेंदों में 26 रनों की तूफानी पारी खेली और चेन्नई को 5 विकेट से जीत दिलाने में बड़ा योगदान दिया।