इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली:

IPL 2022 का 69वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम हर हाल में जीत हांसिल करना चाहती थी। क्योंकि अगर इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम जीत दर्ज करती, तो वह पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुँच जाती और प्लेऑफस के लिए क्वालीफाई भी कर लेती।

लेकिन दिल्ली की टीम ऐसा करने में नाकाम रही, क्योंकि मुंबई इंडियंस की टीम ने दिल्ली को 5 विकेट से हराकर उनके प्लेऑफ में पहुँचने के सपने को तोड़ दिया। दिल्ली की हार से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम को फायदा हुआ और वह प्लेऑफ में पहुँचने वाली इस साल की चौथी टीम बन गई।

यह साल मुंबई इंडियंस के लिए बेहद खराब रहा था। लेकिन मुंबई ने इस सीजन को एक जीत के साथ खत्म किया। हालांकि इस समय भी मुंबई इंडियंस की टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है।

मुंबई ने जीता टॉस

इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम की शुरुआत कुछ ख़ास अच्छी नहीं रही। दिल्ली के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर महज 5 रन बनाकर और मिचेल मार्श बिना खाता खोले ही पवेलियन वापिस लौट गए।

इसके कुछ देर बाद ही पृथ्वी शॉ भी अपना विकेट गवां बैठे। लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान ऋषभ पंत और रोवमैन पॉवेल ने शानदार बल्लेबाजी की और इन दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवे विकेट के लिए 75 रनों की शानदार साझेदारी हुई।

हालांकि इसके बाद फिर दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई और दिल्ली की टीम अपने निर्धारित 20 ओवरों में 159 रन बनाने में कामयाब हो गई। मुंबई की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवरों में महज 25 रन देकर 3 विकेट हांसिल किये।

डेविड ने छीना दिल्ली से मैच

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम की शुरुआत भी बेहद खराब रही। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा 13 गेंदों में 2 रन की बेहद धीमी पारी खेलकर आउट हो गए। जिससे आने वाले बल्लेबाजों पर भी दबाव बन गया। लेकिन बावजूद इसके ईशान किशन और देवाल्ड ब्रेविस ने शानदार बल्लेबाजी की और इन दोनों के बीच 51 रनों की साझेदारी हुई।

ईशान किशन ने 48 और देवाल्ड ब्रेविस ने 37 रन की शानदार पारियां खेली। लेकिन बावजूद इसके दिल्ली की टीम ने मुंबई की टीम पर दबाव बनाए रखा। लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे टिम डेविड ने अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से दिल्ली के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

टिम डेविड ने दिल्ली के पंजे से इस मैच को छीन कर मुंबई के झोले में डाल दिया। टिम डेविड ने महज 11 गेंदों में 34 रनों की तबाड़तोड़ पारी खेलकर मुंबई को जीत दिला दी। दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस हार के बाद IPL 2022 से बाहर हो गई है।

DC की प्लेइंग-11

पृथ्वी शॉ, डेविड वार्नर, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), सरफराज खान, रोवमैन पॉवेल, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, एनरिक नॉर्टजे, खलील अहमद

MI की प्लेइंग-11

रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), डेनियल सैम्स, तिलक वर्मा, देवाल्ड ब्रेविस, टिम डेविड, रमनदीप सिंह, ऋतिक शौकीन, जसप्रीत बुमराह, रिले मेरेडिथ, मयंक मार्कंडे

IPL 2022

ये भी पढ़ें : IPL2022 में Dhoni की कप्तानी में लगा Chennai Super Kings पर सबसे बड़ा दाग

हमें Google News पर फॉलो करे- क्लिक करे !

Connect With Us : Twitter | Facebook Youtube