इंडिया न्यूज़ (दिल्ली) : मुंबई इंडियंस के स्टार आलराउंडर किरोन पोलार्ड आइपीएल में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। उन्होंने इस टी20 लीग से अपने संन्यास की घोषणा कर दी है। ज्ञात हो,पोलार्ड ने ये फैसला तब किया जब आइपीएल 2023 के लिए होने वाले मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया और रीलिज कर दिया। इसके बाद ही उन्होंने अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी। ट्विटर पर लिखे एक संदेश के जरिए पोलार्ड ने इसका ऐलान किया साथ ही अपने रोल के बारे में भी खुलासा किया। वहीं मुंबई इंडियंस ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए पोलार्ड द्वारा किए गए ट्वीट की पुष्टि की।
बतौर बल्लेबाजी कोच मुंबई इंडियंस के लिए निभाएंगे जिम्मेदारी
आपको बता दें, आइपीएल से रिटायर होने के बाद किरोन पोलार्ड अब आइपीएल 2023 में मुंबई की के साथ बतौर बल्लेबाजी कोच काम करेंगे। ज्ञात हो, मुंबई की टीम पांच बार चैंपियन बनी थी और इसमें किरोन पोलार्ड की भूमिका काफी अहम रही। पोलार्ड ने ना सिर्फ बल्लेबाजी बल्कि गेंदबाजी में भी इस टीम के लिए कमाल का प्रदर्शन किया था। पोलार्ड ने लिखा कि अगर में मुंबई के लिए नहीं खेल सकता तो मैं इस टीम के खिलाफ नहीं खेल पाऊंगा।
आईपीएल में पोलार्ड का प्रदर्शन
आपको बता दें, किरोन पोलार्ड का आइपीएल क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा और उन्होंने 189 मैचों में 171 पारियों में 3412 रन बनाए साथ ही उनका स्ट्राइक रेट 147.32 का रहा। इस दौरान उन्होंने 16 अर्धशतक लगाए और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 87 रन रहा। पोलार्ड ने आइपीएल में कुल 218 चौके व 223 छक्के जड़े जबकि 103 कैच उन्होंने पकड़े। वहीं पोलार्ड द्वारा की गई गेंदबाजी की बात करें तो 189 मैचों की 107 पारियों में उन्होंने कुल 69 विकेट लिए और 44 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा। आपको बता दें, पोलार्ड मुंबई टीम का हिस्सा 2010 से लेकर 2022 तक रहे और इस दौरान मुंबई इंडियंस पांच बार चैंपियन बनी।