India News (इंडिया न्यूज), Riyan Parag Net Worth: 23 साल के रियान पराग ने रविवार को खेले गए पहले मैच में 45 गेंदों पर 95 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। रियान पराग ने रविवार को केकेआर के खिलाफ 95 रनों की पारी में 8 छक्के और 6 चौके लगाए। उन्होंने लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाए। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान ने मोईन अली द्वारा फेंके गए 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का लगाया। इसके बाद उन्होंने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार छक्के लगाकर गेंदबाज पर दबाव बनाया। एक गेंद वाइड फेंकने के बाद अली की आखिरी गेंद पर भी छक्का आया। इस तरह पराग ने एक ओवर में लगातार 5 छक्के जड़े।
वरुण चक्रवर्ती द्वारा फेंके गए अगले ओवर की दूसरी गेंद पर रियान पराग ने छक्का जड़ा और अपनी 6 गेंदों पर लगातार 6 छक्के जड़े। उन्होंने इस सीजन में खेले 12 मैचों में 377 रन बनाए हैं, यह उनका इस सीजन में एकमात्र शतक है। पराग अपनी ताबड़तोड़ पारी के लिए सुर्खियों में हैं, जानें क्रिकेट से कितना कमाता है यह खिलाड़ी। कितनी है उनकी कुल नेटवर्थ।
रियान पराग की आईपीएल सैलरी कितनी है?
रियान पराग को 2019 सीजन के लिए राजस्थान रॉयल्स की टीम में 20 लाख रुपये में शामिल किया गया था। तब से वह टीम के मुख्य खिलाड़ी हैं। वह उन खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्हें आईपीएल 2025 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने रिटेन किया था। राजस्थान ने उन्हें 14 करोड़ रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया। पराग ने अब तक आईपीएल से करीब 25 करोड़ रुपये कमाए हैं।
बीसीसीआई रियान पराग को कितनी सैलरी देता है?
रियान पराग ने 1 वनडे, 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। वह अभी तक बीसीसीआई की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में शामिल नहीं हैं। हालांकि, वह हर मैच फीस से कमाई करते हैं।
इसके अलावा वह घरेलू टूर्नामेंट में खेलकर भी कमाई करते हैं। वह रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेलते हैं।
ब्रांड एंडोर्समेंट से भी खूब कमाई
रियान पराग कई बड़े ब्रांड से जुड़े रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वह रेड बुल, प्यूमा, स्टार सीमेंट, रॉयल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, रूटर आदि जैसे ब्रांड से जुड़े रहे हैं। आईपीएल और क्रिकेट के अलावा यही उनकी कमाई का जरिया है।
कई रिपोर्ट में रियान पराग की नेटवर्थ 15 से 20 करोड़ रुपये के बीच बताई गई है।
रियान पराग का घरेलू करियर
असम की ओर से खेलने वाले रियान पराग ने कुल 33 फर्स्ट क्लास मैच और 50 लिस्ट ए मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने क्रमश: 2042 और 1735 रन बनाए हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास और लिस्ट ए में 53-53 विकेट लिए हैं।