India News (इंडिया न्यूज), Deepika Kumari: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत को एक और झटका लगा है। भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण कोरिया की नाम सु-ह्योन ने उन्हें 6-4 से हरा दिया। इस हार के साथ ही पेरिस ओलंपिक में उनका सफर खत्म हो गया है। दीपिका ने पहला सेट जीता। इसके बाद दूसरे सेट में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। तीसरे सेट में दीपिका ने एक बार फिर वापसी की। इसके बाद वह लगातार 2 सेट हार गईं और सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गईं। दीपिका कुमारी के हार के साथ ही तीरंदाजी में भारत का सफर समाप्त हो गया।
दीपिका ने जीता पहला सेट
भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी ने पहला सेट 28-26 से जीतकर दक्षिण कोरिया की सुह्योन नाम के खिलाफ 2-0 की बढ़त बना ली। पहला सेट जीतने के बाद दीपिका दूसरा सेट हार गईं। दूसरे सेट में उन्हें 25-28 से हार का सामना करना पड़ा। तीसरे सेट में दीपिका कुमारी ने 29-28 से रोमांचक जीत दर्ज की। इसके बाद वह कोरियाई खिलाड़ी के खिलाफ 4-2 से आगे हो गईं। परंतु दीपिका ने चौथे राउंड में 7 के साथ दो 10 स्कोर किए, जिससे कोरियाई खिलाड़ी ने सेट 29-27 से जीतकर स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। दीपिका 5वें सेट में 29-27 से हार गईं। इसके साथ ही वह 6-4 से हार गईं।
बॉक्सिंग में भारत के उम्मीदों को झटका, मुक्केबाज निशांत देव क्वार्टर फाइनल में हारे
ओलंपिक में अब तक ऐसा रहा प्रदर्शन
- लंदन ओलंपिक 2012- राउंड 64 में मिली हार
- रियो ओलंपिक 2016- प्री-क्वार्टर फाइनल में मिली हार
- टोक्यो ओलंपिक 2020- क्वार्टर फाइनल में मिली हार
- पेरिस ओलंपिक 2024- क्वार्टर फाइनल में मिली हार
विवादों के बीच बॉक्सर Imane Khelif का पदक पक्का, 66 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचीं
क्या है दीपिका कुमारी की उपलब्धियां?
- तीरंदाज दीपिका कुमारी ने वर्ष 2009 में कैडेट विश्व चैंपियनशिप जीती। उसी वर्ष उन्होंने अमेरिका के ओग्डेन में 11वीं युवा विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप भी जीती।
- वर्ष 2012 में दीपिका कुमारी ने तुर्की में विश्व कप के व्यक्तिगत चरण में रिकर्व स्वर्ण पदक जीता।
- वर्ष 2012 के अंत में दीपिका महिला रिकर्व तीरंदाजी में दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी बन गईं।
- दीपिका कुमारी को वर्ष 2012 में भारत का दूसरा सबसे बड़ा खेल पुरस्कार अर्जुन पुरस्कार मिला।
- भारतीय दिग्गज तीरंदाज को वर्ष 2014 में उन्हें फिक्की स्पोर्ट्स पर्सन ऑफ द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
- दीपिका कुमारी को वर्ष 2016 में पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया।
IND vs SL: जानें कप्तान रोहित ने अर्शदीप सिंह को क्यों दिखाई आंख, तस्वीरें वायरल