India News (इंडिया न्यूज), Vinesh Phogat: 2024 पेरिस ओलंपिक में अधिक वजन होने के कारण फाइनल से ठीक पहले अयोग्य घोषित की गई स्टार पहलवान विनेश फोगट को लेकर हरियाणा में बड़ा फैसला लिया गया है। विनेश फोगट की वापसी पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही उन्हें स्वर्ण पदक भी दिया जाएगा।
महापंचायत में लिया फैसला
विनेश फोगट को लेकर सर्व खाप की ओर से महापंचायत की गई। इस महापंचायत में बड़ा फैसला लिया गया है। विनेश फोगट के वापस आने पर खाप उनका स्वागत करेगी। साथ ही एक समारोह में सर्व खाप की ओर से विनेश फोगट को स्वर्ण पदक दिया जाएगा।
100 ग्राम वजन बढ़ने के कारण विनेश को अयोग्य घोषित कर दिया गया
आपको बता दें कि विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक में शानदार शुरुआत की थी। अपने पहले ही मुकाबले में विनेश फोगाट ने चार बार की विश्व चैंपियन और पिछले ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहलवान को हराया था। इसके बाद विनेश ने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में भी दमदार जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश किया।
‘वह रजत पदक की हकदार…’, Vinesh Phogat को लेकर सौरव गांगुली ने कही बड़ी बात
विनेश फोगाट के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। हालांकि, फाइनल के दिन उनका वजन अधिक होने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। 50 किलोग्राम महिला कुश्ती स्पर्धा में विनेश का स्वर्ण जीतना तय माना जा रहा था। हालांकि, 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।
विनेश ने की अपील, आज आएगा फैसला
विनेश फोगाट ने अयोग्य घोषित किए जाने के फैसले का विरोध करते हुए रजत पदक की मांग की है। उन्होंने सीएएस में अपील की है। इस मामले पर आज फैसला आ सकता है। सीएएस ने विनेश से तीन सवालों के जवाब मांगे हैं। विनेश ई-मेल पर जवाब देंगी। फिर सीएएस अपना फैसला सुनाएगा। भारत ने पेरिस ओलंपिक 2024 में कुल 6 पदक जीते हैं। इसमें 5 कांस्य और 1 रजत पदक शामिल है। अगर विनेश रजत पदक जीत लेती हैं तो पेरिस ओलंपिक में भारत के कुल सात पदक हो जाएंगे।