India News (इंडिया न्यूज), Rohit Sharma Viral Video: टीम इंडिया को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जिताने के बाद कप्तान रोहित शर्मा अपने परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के लिए विदेश चले गए थे। अब जबकि आईपीएल 2025 के शुरू होने में कुछ ही दिन बचे हैं, रोहित भारत वापस आ गए हैं। इस दौरान जब रोहित शर्मा भारत वापस लौटे तो एयरपोर्ट पर उनके साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसके बाद वह अपना गुस्सा कंट्रोल नहीं कर पाए और पैपराजी के सामने ही भड़क गए। हमेशा मस्ती करने वाले रोहित जब मीडिया के सामने भड़के तो एक पल के लिए हर कोई हैरान रह गया।
क्या है पूरा मामला?
आपको जानकारी के लिए बता दें कि, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद कप्तान रोहित शर्मा पत्नी रितिका, बेटी समायरा और बेटे अहान के साथ छुट्टियां मनाने विदेश यात्रा पर गए थे। इस दौरान उन्होंने लगातार अपनी छुट्टियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। छुट्टियां मनाने के बाद जब रोहित शर्मा मुंबई एयरपोर्ट से अपने घर के लिए निकलने लगे तो वहां मौजूद फोटोग्राफर्स उनकी और उनके परिवार की तस्वीरें लेने की कोशिश करने लगे। ये पैपराजी रोहित से बार-बार फोटो मांगते रहे, जिस पर रोहित थोड़े नाराज हो गए।
रोहित शर्मा को आया गुस्सा
उन्होंने इशारे से सभी को पीछे हटने को कहा। फिर उन्होंने अपनी बेटी को कार में बैठाया और सभी फोटोग्राफर्स को एक तरफ जाने को कहा। इस दौरान रोहित के चेहरे पर गुस्सा साफ झलक रहा था। हालांकि अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर रोहित जल्द ही शांत हो गए और फिर उन्होंने खुशी-खुशी फोटोग्राफर्स को तस्वीरें लेने का मौका दिया। रोहित शर्मा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आईपीएल 2025 में रोहित शर्मा
रोहित शर्मा आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते नजर आएंगे। आईपीएल 2024 में जब मुंबई इंडियंस की फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया तो फैन्स के बीच इस फैसले का काफी विरोध हुआ था। ऐसा लग रहा था कि रोहित आईपीएल 2025 में किसी और फ्रेंचाइजी की तरफ से खेलेंगे। लेकिन आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर रोहित को रिटेन किया। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है।