इंडिया न्यूज (India News) SAFF Championship:सैफ फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में शनिवार (1 जुलाई ) को भारतीय टीम लेबनान से भिड़ेगी। करो या मरो मुकबले में भारतीय कप्तान से टीम को काफी उम्मीद होगी। ग्रुप ए में भारतीय टीम दूसरे स्थान पर हैं। वहीं  कुवैत पहले स्थान पर है। भारतीय कप्तान सुनील छेत्री शानदार लय में हैं और वह तीन मैचों में पांच गोल के साथ टूर्नामेंट की तालिका में शीर्ष पर है। इसमें पाकिस्तान के खिलाफ गोल की हैट्रिक भी शामिल है।

भारतीय टीम को दिखाना होगा शानदार खेल

कुवैत के खिलाफ आखिरी लीग मुकाबले में छेत्री ने शानदार तरीके से गोल कर यह साबित किया कि वह अब भी अपने खेल के शीर्ष पर हैं। लेबनान के खिलाफ चुनौती से पार बनाने के लिए छेत्री को एक बार फिर से अपना दमखम दिखाना होगा। सहल अब्दुल समद, महेश सिंह और उदांता सिंह जैसे खिलाड़ियों को अपने कप्तान का साथ देने के लिए आगे आना होगा। इन सभी ने टूर्नामेंट में अच्छे से अपनी भूमिका निभाई है लेकिन छेत्री के अलावा केवल उदांता और महेश ही टीम के लिए गोल करने में सफल रहे है।

भारतीय कोच मैच मे नहीं समभालेंगे कमान

भारत इस मध्य एशियाई प्रतिद्वंद्वी को हराने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। लेबनान ने ग्रुप चरण में भूटान, मालदीव और बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। वहीं भारत को पाकिस्तान के खिलाफ अपेक्षाकृत आसान मुकाबले के बाद नेपाल और कुवैत से कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम को एक बार फिर से मुख्य कोच इगोर स्टिमैक की सेवाएं नहीं मिलेंगी। कुवैत के खिलाफ मैच के दौरान क्रोएशिया के इस पूर्व खिलाड़ी को टूर्नामेंट के दौरान दूसरी बार रेड कार्ड दिखाया गया था।