India News (इंडिया न्यूज), Champions trophy 2025: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुलती जा रही है। दो दिन पहले न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच मैच के दौरान एक आतंकी अपने नेता का पोस्टर लेकर मैदान में घुस गया था। इसके एक दिन बाद पंजाब पुलिस को अवज्ञा के लिए अपने 100 से ज्यादा जवानों को बर्खास्त करना पड़ा। अब अफगानिस्तान बनाम इंग्लैंड मैच में एक शख्स सारी सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर मैदान में घुस गया। इतना ही नहीं, उसने अफगान क्रिकेटर का कॉलर भी पकड़ लिया।
सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर मैदान में घुसा शख्स
चैंपियंस ट्रॉफी में बुधवार को अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 8 रन से हरा दिया। यह मैच लाहौर में खेला गया था। मैच खत्म होते ही एक दर्शक सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर मैदान में घुस गया। जब वह मैदान में घुसा तो 8-10 सुरक्षाकर्मी उसे पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन उसे पकड़ नहीं पाए। दर्शक सीधे अफगान क्रिकेटर के पास गया और उसका कॉलर पकड़कर लगभग झपट्टा मारने लगा। सुरक्षाकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से उसे अलग किया और लगभग घसीटकर मैदान से बाहर ले गए। इस पूरी घटना ने एक बार फिर चैंपियंस ट्रॉफी में क्रिकेट टीमों पर मंडरा रहे खतरे को उजागर कर दिया है।
इससे पहले सोमवार को बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड मैच के दौरान एक दर्शक मैदान में घुस आया था। उसने न्यूजीलैंड के रचिन रविंद्र को मारा था। बाद में पता चला कि वह दर्शक कोई आम क्रिकेट प्रशंसक नहीं बल्कि प्रतिबंधित इस्लामिक पार्टी तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान का समर्थक था।
सुरक्षाकर्मियों ने घसीटकर मैदान से बाहर निकाला
इसके बाद मंगलवार को पाकिस्तान की पंजाब पुलिस के 100 से ज्यादा जवानों को बर्खास्त कर दिया गया। इन जवानों ने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान उन्हें सौंपी गई सुरक्षा ड्यूटी को या तो करने से मना कर दिया या फिर वे मौके पर पहुंचे ही नहीं।