India News (इंडिया न्यूज), Vinod Kambli Dances: सही इलाज और अच्छी देखभाल मिलने का असर अब टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली की सेहत पर नजर आ रहा है। पिछले कई दिनों से ठाणे के एक अस्पताल में भर्ती कांबली की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और अब वह गानों की धुनों पर नाचने भी लगे हैं। 1990 के दशक के इस स्टार बल्लेबाज का एक वीडियो इस समय वायरल हो रहा है जिसमें वह अपने अस्पताल के कमरे में स्टाफ के साथ डांस कर रहे हैं और जोर-जोर से गाना भी गा रहे हैं। गाना भी कोई आम गाना नहीं बल्कि सभी को जोश से भर देने वाला गाना है- ‘चक दे ​​इंडिया’।

ठाणे के अस्पताल में भर्ती हैं कांबली

विनोद कांबली पिछले काफी समय से अपनी आर्थिक स्थिति और बिगड़ती सेहत के कारण सुर्खियों में हैं। कई लोगों ने उनकी मदद की पेशकश भी की है। हाल ही में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें ठाणे के लोखंडी इलाके के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रभारी जो खुद कांबली के बहुत बड़े प्रशंसक हैं, उन्होंने पूर्व भारतीय स्टार का बिना किसी फीस के पूरा इलाज करने की घोषणा भी की थी और कहा था कि वह उनका पूरा ख्याल रखेंगे।

जिसकी जगह छीनकर खेलकर रहे हैं रोहित शर्मा, उस भारतीय ओपनर ने लगाई शतकों की Hat-Trick, टीम इंडिया पर कब तरस खाएंगे सिलेक्टर्स?

चक दे ​​इंडिया पर किया डांस

कांबली पिछले एक सप्ताह से इस अस्पताल में हैं और धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हो रहा है। इस दौरान उनके अलग-अलग वीडियो भी आए हैं, जिसमें वह अस्पताल के कर्मचारियों की मदद से चलते नजर आए। अब उनका एक डांस वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर हर प्रशंसक खुश हो सकता है। इसमें कांबली शाहरुख खान की मशहूर फिल्म ‘चक दे ​​इंडिया’ के टाइटल सॉन्ग पर अस्पताल की एक महिला कर्मचारी के साथ डांस करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने जोर-जोर से गाना भी गाया। इसके साथ ही पुराने दिनों की याद दिलाते हुए वह बिना बल्ले के शॉट भी मारते नजर आए।

यूपी के स्कूलों को लेकर नया कैलैंडर जारी, अब इतने दिन होगी पढ़ाई और मिलेगी इतनी छुट्टी

दिमाग में जमे खून के थक्के

कांबली को करीब डेढ़ सप्ताह पहले इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में कांबली का इलाज कर रहे डॉक्टर ने खुलासा किया था कि कांबली ने शुरुआत में पेशाब से जुड़ी समस्या की शिकायत की थी लेकिन अस्पताल में भर्ती होने के बाद जब उनके टेस्ट किए गए तो सच्चाई सामने आ गई। डॉक्टर ने बताया था कि कांबली के मस्तिष्क में खून के थक्के जम गए हैं।