India News(इंडिया न्यूज),Champions trophy 2025:चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम इंडिया ने जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया है। दुबई में हुए मैच में भारत ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हरा दिया। इस अहम जीत के सबसे बड़े हीरो शुभमन गिल रहे। उनकी 101 रनों की नाबाद पारी की बदौलत ही भारतीय टीम इस मैच में बांग्लादेश को हराने में सफल रही। हालांकि, स्कोरबोर्ड को देखकर यह जीत आसान लग सकती है, लेकिन एक समय ऐसा भी आया जब टीम इंडिया दबाव में आ गई। मैच फंस चुका था और उलटफेर के संकेत दिख रहे थे। तभी गिल को एक संदेश मिला और वह दुबई में चट्टान की तरह खड़े हो गए। उन्होंने न सिर्फ शतक जड़ा बल्कि अंत तक डटे रहे और भारतीय टीम को पार भी पहुंचाया। अब आप सोच रहे होंगे कि वह संदेश क्या था और किसने भेजा? तो चलिए हम आपको बताते हैं।
भारत को मिला 229 रनों का लक्ष्य
दुबई में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 35 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन फिर संभलते हुए उसने भारत के सामने 229 रनों का लक्ष्य रखा। इसका पीछा करते हुए रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले 10 ओवर में 69 रन बनाए। अब तक यह लक्ष्य आसान लग रहा था। लेकिन जैसे ही भारतीय कप्तान आउट हुए, मैच धीरे-धीरे फंसने लगा। धीमी विकेट के कारण रन बनाना मुश्किल हो गया।
दूसरी ओर, भारतीय टीम भी नियमित अंतराल पर विकेट खो रही थी। रोहित के अलावा विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल 144 रन के स्कोर तक पवेलियन लौट चुके थे। इससे टीम इंडिया दबाव में आ गई। हालांकि, गिल अभी भी क्रीज पर थे।
गौतम गंभीर ने भेजा संदेश
भारत को अभी भी 95 रन बनाने थे, तब गिल को हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान रोहित ने मैदान पर संदेश भेजा कि उन्हें अंत तक बल्लेबाजी करने की कोशिश करनी है। गिल ने उनकी बात मानी और धैर्य दिखाते हुए मैदान पर डटे रहे। इस तरह उन्होंने 101 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। मैच के बाद गिल ने खुद इसका खुलासा किया।
गिल बने प्लेयर ऑफ द मैच
शतक के लिए शुभमन गिल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस पुरस्कार को प्राप्त करते समय उन्होंने अपने शतक पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उनकी अब तक की सबसे संतोषजनक पारी है। इस मैच में उन्होंने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उससे वे बहुत खुश हैं।
CG Panchayat Election Results: दूसरे चरण की मतगणना हुई पूरी, BJP का 97 सीटों पर जीत का दावा